ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून में पत्नी की गोली मारकर हत्या, कंट्रोल रूम को फोन कर पति फरार

क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में वारदात से सनसनी, मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज; आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस

देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पुलिस ने कॉल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की तो एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में उसकी 26 वर्षीय पत्नी काजल का शव बरामद हुआ। महिला की मौत गोली लगने से हुई थी। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है।

कंट्रोल रूम में दी गोली मारने की सूचना

पुलिस के अनुसार, सोमवार, 21 सितंबर की सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार ने कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।

इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल करने वाले स्थान की जानकारी जुटाई और मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक प्लॉट के भीतर बने कमरे को खुलवाया गया, जहां काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई।

कई दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद

मृतका की पहचान काजल (26), निवासी ईदगाह रोड, सुभाष नगर, सत्य साईं मंदिर के पास, क्लेमेंटटाउन, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी।

पुलिस के मुताबिक, काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ उक्त स्थान पर रह रही थी। मृतका का भाई अभिषेक भी उनके मकान के पास रहता था। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद चल रहा था।

हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और हत्या से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।

हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी पति की तलाश जारी

घटना की सूचना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेंटटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी पति धीरज पंवार की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस जांच में अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या की वारदात किन परिस्थितियों में हुई और घटना के बाद आरोपी किस दिशा में फरार हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *