नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोचा, एसएसपी के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई जारी
देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और मारपीट करने वालों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के ओएसिस मॉल परिसर में शराब के नशे में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की रात थाना नेहरू कॉलोनी को सूचना मिली थी कि ओएसिस मॉल परिसर में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है और सामान की डिलीवरी देने पहुंचे जोमेटो डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर रहा है।
सूचना मिलते ही जोगीवाला चौकी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता मिला। पुलिस ने जब उसे समझाने का प्रयास किया तो वह कथित तौर पर और अधिक उग्र हो गया और दोबारा मारपीट का प्रयास करने लगा।
मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने महेंद्र सिंह (45 वर्ष) को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्य करता है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक डिलीवरी बॉय और उसके बीच बहस के बाद मारपीट की स्थिति बनी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
#एसएसपी के निर्देश पर हुड़दंगियों पर शिकंजा
दून पुलिस के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, हुड़दंग और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
#गिरफ्तार अभियुक्त:
महेंद्र सिंह पुत्र स्व. श्री कुला राम, निवासी डी-22, सेक्टर-3, डिफेंस कॉलोनी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून। उम्र—45 वर्ष।
रिपोर्टिंग : महिपाल सिंह नेगी, देहरादून
नंदा न्यूज़ | नंदान्यूज.in
“नशे में डिलीवरी बॉय से भिड़ा सिक्योरिटी गार्ड, ओएसिस मॉल में हंगामा… पुलिस ने दबोचा”

