छह लाख की स्मैक के साथ नशे का सौदागर गिरफ्तार, सहसपुर पुलिस ने कसा शिकंजा,
मिर्जापुर से स्मैक लाकर स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों में बेचने की थी तैयारी, आरोपी पहले भी NDPS एक्ट में जा चुका है जेल
देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहसपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 20.78 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर की रात बड़ा गौहर रामपुर में सिद्दिकी मस्जिद के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी जावेद (24) को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20.78 ग्राम स्मैक के अलावा 3,620 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है और कथित तौर पर मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश से एक ड्रग पैडलर से स्मैक खरीदकर देहरादून लाया था। इसे स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की तैयारी थी।
#पहले भी NDPS एक्ट में जा चुका है जेल
पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जाना सामने आया है। सहसपुर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ धारा 8/21/27(ए) NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को नशे की तस्करी से जुड़े कुछ अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब इन संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
#बरामदगी
– 20.78 ग्राम अवैध स्मैक — अनुमानित कीमत करीब ₹6.50 लाख
– ₹3,620 नकद
गिरफ्तार आरोपी: जावेद पुत्र स्व. जहीद, निवासी सिद्दिकी मस्जिद के पास, बड़ा गौहर रामपुर, थाना सहसपुर, देहरादून।
रिपोर्टिंग — महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

