गुण्डा एक्ट में छह माह के लिए किया गया था जिला बदर, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन मुकदमे दर्ज
देहरादून। अपराधियों के खिलाफ दून पुलिस की सख्ती के बीच विकासनगर पुलिस ने जिला बदर किए गए एक अभियुक्त को निर्धारित अवधि से पहले जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जावेद उर्फ अण्डा (30) निवासी जीवनगढ़, विकासनगर को जिला मजिस्ट्रेट देहरादून के आदेश पर 9 अप्रैल 2026 को छह माह के लिए जिला बदर किया गया था। आदेश के तहत उसे निर्धारित अवधि तक जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई थी।
#मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
22 सितंबर की सुबह विकासनगर पुलिस को सूचना मिली कि जिला बदर किया गया जावेद उर्फ अण्डा निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही जनपद और थाना क्षेत्र की सीमा में वापस आ गया है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को करीब 10:05 बजे जीवनगढ़, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना विकासनगर पर मु0अ0सं0 293/2026, धारा 3(1)/10 गुण्डा नियंत्रण अधिनियम 1970 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
#आपराधिक रिकॉर्ड में कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इनमें कई मामलों में अभियुक्त जमानत पर है।
#आपराधिक इतिहास में दर्ज प्रमुख मामले:
– धारा 25/4 आर्म्स एक्ट
– धारा 380/457/411 IPC के तहत चोरी के मामले
– गैंगस्टर एक्ट
– गौवंश संरक्षण अधिनियम से संबंधित मामला
– वर्तमान में गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा
#दून पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सक्रिय और लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विकासनगर पुलिस की इस कार्रवाई को जिला बदर आदेशों के अनुपालन और सक्रिय अपराधियों पर निगरानी की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त: जावेद उर्फ अण्डा पुत्र अली हसन, निवासी जीवनगढ़, विकासनगर, उम्र 30 वर्ष।
रिपोर्टिंग — महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

