ब्रेकिंग न्यूज़

“9 माह की कठिन ट्रेनिंग पूरी, पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए 15 आरक्षी”

पुलिस लाइन देहरादून में हुई पासिंग आउट सेरेमनी, एसएसपी ने दिलाई कर्तव्य और सत्यनिष्ठा की शपथ; उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित,

देहरादून। नौ माह के कठोर और अनुशासित प्रशिक्षण के बाद 15 प्रशिक्षु आरक्षी अब पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हो गए। पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को पासिंग आउट सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रशिक्षु आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।

17 नवंबर 2025 से शुरू हुए नौ माह के प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद प्रशिक्षु आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। इस दौरान एसएसपी देहरादून ने सभी उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उन्हें पूरी लगन, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ पुलिस कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

#कानून से लेकर हथियार और फील्ड क्राफ्ट तक मिला प्रशिक्षण

नौ माह के प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, भारतीय संविधान, विविध अधिनियम, अपराध शास्त्र, थाना अभिलेख, पुलिस संगठन एवं प्रशासन, पुलिस रेगुलेशन सहित कानून और पुलिसिंग से जुड़े विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।

वहीं बाह्य प्रशिक्षण में पदादि प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पीटी/पीई, योग और यूएसी समेत विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

#फैज आलम रहे सर्वांग सर्वोत्तम

प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को समारोह में विशेष सम्मान मिला। अंतःकक्ष परीक्षा में रिक्रूट महिला आरक्षी अन्जुम निशा प्रथम रहीं, जबकि बाह्यकक्ष परीक्षा में रिक्रूट आरक्षी फैज आलम ने प्रथम स्थान हासिल किया।पूरे प्रशिक्षण के दौरान फैज आलम को सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट चुना गया। इसके साथ ही उन्होंने परेड कमाण्डर की जिम्मेदारी भी संभाली।

एसएसपी देहरादून ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और उनकी पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी नव-प्रशिक्षित आरक्षियों को पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों और कर्तव्य की महत्ता समझाते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, आरटीसी स्टाफ, प्रशिक्षु आरक्षियों के परिजन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

नन्दा न्यूज:देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *