देहरादून। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के नाम के कथित दुरुपयोग और अन्य सामाजिक मुद्दों को लेकर संगठन के विभाग, प्रांत और महानगर स्तर के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमिंदर डोभाल से मुलाकात की। करीब आधे घंटे चली बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन की ओर से एसएसपी को ज्ञापन और शिकायती पत्र भी सौंपे गए।
संगठन के नाम पर धन मांगने का मुद्दा उठाया
बैठक में प्रमुख रूप से ऐसे मामलों का मुद्दा उठाया गया, जिनमें कुछ लोगों द्वारा विश्व हिंदू परिषद या बजरंग दल के नाम का कथित रूप से इस्तेमाल कर होटल, स्पा सेंटर और अन्य प्रतिष्ठानों से धन की मांग किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
संगठन के पदाधिकारियों ने एसएसपी से ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने और आरोपों की पुष्टि होने पर जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, प्रतिरूपण अथवा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन की ओर से किसी भी व्यक्ति को उसके नाम पर धन मांगने या वसूली करने का अधिकार नहीं दिया गया है। उन्होंने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग का आश्वासन
बैठक के दौरान देहरादून में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर भी चर्चा हुई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय आवश्यक है।
विहिप और बजरंग दल की ओर से नशामुक्ति अभियान तथा जनहित से जुड़े सामाजिक कार्यों में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
एसएसपी परमिंदर डोभाल का सम्मान
इस अवसर पर जनहित में किए जा रहे कार्यों के लिए एसएसपी परमिंदर डोभाल की सराहना करते हुए विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक में बजरंग दल प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा, विभाग मंत्री आलोक सिंह, दक्षिण जिला अध्यक्ष अनिल मेसन, जिला मंत्री विशाल चौधरी, बजरंग दल संयोजक कमल बिजलवान, जिला मंत्री श्याम शर्मा, विशाल त्यागी, दीपक मित्तल, राजेश सोमवंशी, सनी सोनकर और सुरक्षा प्रमुख सौरभ गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

