ब्रेकिंग न्यूज़

कोतवाली नगर में लाखों की ज्वैलरी चोरी का खुलासा, पुलिस ने 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण किए बरामद,

पुताई करते-करते घर की ज्वैलरी पर पड़ी नजर, फिर रची चोरी की साजिश—दून पुलिस ने आरोपी को दबोचा,

देहरादून। कोतवाली नगर क्षेत्र में एक घर से लाखों रुपये कीमत की ज्वैलरी चोरी होने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को नरेंद्र पी. गुप्ता निवासी 26 नेशविला रोड, देहरादून ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए हैं। मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 347/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

“सीसीटीवी से शुरू हुई जांच, मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस”

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस ने पूर्व में इस तरह की घटनाओं में प्रकाश में आए आरोपियों की वर्तमान गतिविधियों और स्थिति का भी सत्यापन किया। लगातार किए जा रहे प्रयासों के बीच पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा।

24 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कृष्णा लॉज के पास चेकिंग के दौरान आरोपी विजय को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 10 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी बरामद हुई।

“पुताई के दौरान देखी थी ज्वैलरी, फिर बनाई चोरी की योजना”

पूछताछ में आरोपी विजय ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसने वादी के मकान मालिक के घर पुताई का काम किया था। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि घर में कीमती आभूषण रखे हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपने इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी के चलते उसने उक्त घर में रखी ज्वैलरी चोरी करने की योजना बनाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी की गई कुछ ज्वैलरी अपने एक रिश्तेदार को 3 लाख रुपये में बेच दी थी। इसमें से 2.70 लाख रुपये आरोपी ने अपने बैंक खाते में जमा किए थे। पुलिस द्वारा आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब पूछताछ के आधार पर सामने आए अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी और चोरी की शेष ज्वैलरी बरामद करने के प्रयास में जुटी है।

***बरामद ज्वैलरी***

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

– 01 हार पीली धातु का

– 01 डायमंड हार मय पेंडेंट पीली धातु का

– 01 डायमंड जड़ित कड़ा पीली धातु का

– 02 अंगूठियां पीली धातु की

– 03 डायमंड जड़ित ईयर रिंग पीली धातु की

बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

*गिरफ्तार आरोपी*

विजय पुत्र किशनलाल, निवासी चुक्खुवाला, कोतवाली नगर, देहरादून, उम्र 31 वर्ष।

***चोरी के खुलासे में शामिल पुलिस टीम***

निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट, प्रभारी कोतवाली नगर, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल संतोष पंवार, कांस्टेबल नरेंद्र रावत, कांस्टेबल लोकेन्द्र उनियाल, कांस्टेबल धीरेन्द्र पतियाल तथा कांस्टेबल सौरभ, एसओजी देहरादून की टीम शामिल रही।

नंदा न्यूज़ के लिए—महिपाल सिंह नेगी, देहरादून।

 

ऐसी ताज़ी खबरों के लिए नंदा न्यूज़ के हमारे पेज को फॉलो जरूर करें। nandanews.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *