चेकिंग के दौरान 131 बोतल शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; दो घोड़ा संचालक मौके से फरार,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गौरीकुंड बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने खच्चरों के जरिए ले जाई जा रही शराब की खेप बरामद की। तीन घोड़ों पर लदे सामान की तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 131 बोतल यानी 11 पेटी शराब मिली।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की तस्करी और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 सितंबर 2026 को चौकी गौरीकुंड पुलिस बैरियर पर सघन चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सोनप्रयाग की ओर से आ रहे एक खच्चर संचालक को पुलिस टीम ने चेकिंग के लिए रोका। पुलिस के मुताबिक, वह पुलिस को देखकर सकपका गया। इसी बीच उसके पीछे से आ रहे दो अन्य घोड़ा संचालक अपने घोड़ों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने तीनों घोड़ों पर लदे सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अन्य सामग्री के साथ शराब की बोतलें बरामद हुईं। तीनों घोड़ों से कुल 131 बोतल शराब, 11 पेटी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
मामले में पुलिस ने शेर बहादुर पुत्र दल बहादुर, निवासी ग्राम दाहनगर, पालिक खाडा, वार्ड नंबर 6, जिला कालीकोट, नेपाल, हाल निवासी सोनप्रयाग पार्किंग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
***दो फरार आरोपियों की तलाश तेज***
पुलिस के अनुसार, शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए घोड़ों के टैग नंबर के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। बरामद घोड़ों को फाटा स्थित अश्वशाला में भिजवाया गया है। पुलिस फरार हुए दोनों घोड़ा संचालकों की भूमिका और पूरे नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।
***कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम***
– उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत, चौकी प्रभारी गौरीकुंड
– आरक्षी अर्जुन सिंह, चौकी गौरीकुंड
– आरक्षी सुल्तान सिंह, चौकी गौरीकुंड
– पीआरडी जवान पंकज कुमार, चौकी गौरीकुंड
रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्रवाई से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अवैध शराब के परिवहन पर शिकंजा कसने का संदेश गया है।
नन्दा न्यूज :रुद्रप्रयाग

