जमानत पर बाहर आया तो फिर शुरू कर दिया नशे का कारोबार, प्रेमनगर पुलिस ने MDMA के साथ दबोचा,
झाझरा में पुलिस की दबिश से नशे के कारोबार पर वार, 5.70 ग्राम हाई-प्रोफाइल ड्रग बरामद; डिलीवरी बॉय की आड़ में तस्करी का आरोप
देहरादून। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा नशे के कारोबार में सक्रिय हुए एक आरोपी को प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। झाझरा क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.70 ग्राम अवैध MDMA बरामद किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से नशे की सप्लाई में सक्रिय हो गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रेमनगर पुलिस की टीम ने 25 सितंबर को चौकी झाझरा के पास चेकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोका और तलाशी ली। उसके कब्जे से 5.70 ग्राम MDMA बरामद हुआ।
बरामदगी के बाद आरोपी की पहचान सागर पुत्र साहब सिंह, निवासी पिंडोरा जहांगीरपुरम, निकट हनुमान मंदिर, जिला शामली, उत्तर प्रदेश, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 201/26, धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
***जेल से निकलते ही फिर नशे की राह***
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से जौमेटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के एक स्थानीय व्यक्ति से MDMA कम कीमत में खरीदकर लाया था। कथित तौर पर उसकी योजना इसे देहरादून के स्थानीय नशा करने वाले लोगों को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की थी। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के चलते इससे पहले ही वह पकड़ा गया।
***कहां से आया ड्रग, किसे होनी थी सप्लाई? जांच तेज***
पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। MDMA की सप्लाई कहां से हुई, इसके पीछे कौन लोग हैं और देहरादून में इसकी सप्लाई किन लोगों तक होनी थी, इन बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
***पुलिस टीम ने की कार्रवाई***
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रधुमन सिंह नेगी, चौकी प्रभारी झाझरा, कांस्टेबल मोहम्मद अनीस, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल रोबिन सिंह शामिल रहे।
***बरामदगी: 5.70 ग्राम अवैध MDMA***
“कार्रवाई: थाना प्रेमनगर पुलिस”
मुकदमा: 201/26, धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट
नन्दा न्यूज;देहरादून
ताज़ी खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज़ nandanews.in

