दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था 15 हजार रुपये का इनामी, विदेश से लौटकर गेस्ट हाउस में छिपा था; प्रेमनगर पुलिस ने दबोचा,
देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामले में पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी वर्ष 2024 में दुबई भाग गया था। विदेश से भारत लौटने के बाद भी वह अपने घर नहीं गया, बल्कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था। प्रेमनगर पुलिस की लगातार निगरानी और मैनुअल पुलिसिंग के बाद आरोपी को रिस्पना रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रेमनगर में युवराज क्षेत्री निवासी कोल्हूपानी, नंदा की चौकी, प्रेमनगर की शिकायत पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 85 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में मु0अ0सं0 255/24, धारा 420/120बी भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
विवेचना के दौरान सामने आया कि मामले में आरोपी बृजमोहन सिंह सिंधवाल गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2024 में दुबई चला गया था। आरोपी के विदेश चले जाने के बाद भी पुलिस ने उसकी तलाश बंद नहीं की और उसके संभावित ठिकानों तथा गतिविधियों के संबंध में लगातार गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाई जाती रही।
इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपी के भारत वापस लौटने की सूचना मिली। सूचना के बाद प्रेमनगर पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकाने की जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि विदेश से लौटने के बाद आरोपी अपने घर जाने के बजाय एक गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था।
पुलिस टीम ने सूचना को विकसित करते हुए 25 सितंबर 2026 को बद्री विशाल गेस्ट हाउस के पास, रिस्पना रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
***गिरफ्तार अभियुक्त***
बृजमोहन सिंह सिंधवाल, पुत्र वीर सिंह, निवासी ग्राम मिढावाला, रामनगर डांडा, थाना रानीपोखरी, जनपद देहरादून।
***कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम***
– उ0नि0 गिरीश नेगी, थानाध्यक्ष प्रेमनगर
– व0उ0नि0 संजय रावत
– उ0नि0 प्रद्युम्न सिंह नेगी
– हे0का0 किरण कुमार, एसओजी
– कानि0 रॉबिन सिंह
पुलिस के अनुसार, वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
नन्दा न्यूज देहरादून

