पांच लाख की सुपारी में रची गई थी हत्या की साजिश; मुठभेड़ में साथी पहले ही दबोचा जा चुका, अब दूसरे आरोपी के कब्जे से तमंचा-कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद,
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी पर जानलेवा फायरिंग के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बैंककर्मी को रास्ते से हटाने के लिए उस पर गोली चलाई थी।
मामला 8 सितंबर 2026 का है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से मंडी चौक स्थित वी-मार्ट से बड़ोवाला स्थित घर की ओर जा रहे थे। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक रोक दी। आरोप है कि बाइक सवारों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पटेलनगर कोतवाली में मु0अ0सं0 614/2026, धारा 109(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।
“मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागा”
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। 11 सितंबर 2026 को पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी अंकित चौहान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी से पूछताछ के दौरान घटना के पीछे की कथित साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका माल्या रहमान ने दोनों आरोपियों को उसे रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी देने का सौदा किया था। पुलिस ने मामले की मुख्य साजिशकर्ता बताई गई माल्या रहमान को भी पूर्व में गिरफ्तार किया था।
“लगातार दबिश के बाद हाईवे के पास दबोचा गया अंकुर”
अंकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस के अनुसार, करीब 18 दिनों से गिरफ्तारी से बच रहे अंकुर को आखिरकार 29 सितंबर 2026 को पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला के पास निर्माणाधीन हाईवे से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
‘पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी,
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकुर ने बताया कि उसका साथी अंकित, जो लक्सर का रहने वाला है, उसे एक युवक की हत्या के बदले मोटी रकम मिलने का लालच देकर माल्या रहमान से हरिद्वार में मिलवाया था। कथित तौर पर माल्या ने उन्हें लक्ष्य बनाए गए युवक की पहचान, पता, फोटो और अन्य जानकारी उपलब्ध कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, पैसों के लालच में दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान अंकुर बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठे अंकित ने युवक पर फायर किया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और उसकी आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
#गिरफ्तार आरोपी
अंकुर पुत्र मदन मोहन, निवासी आदर्श कॉलोनी, चर्च के पास, वार्ड नंबर-6, लक्सर, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष।
#बरामदगी
– 315 बोर का एक देसी तमंचा
– 315 बोर के दो जिंदा कारतूस
– वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल
#आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी अंकुर के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास समेत आईपीसी की धाराओं तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
नंदा न्यूज़, देहरादून।

