ब्रेकिंग न्यूज़

करियर की राह से साइबर सुरक्षा तक, ऊखीमठ में 150 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक,

पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और सिंथेटिक ड्रग्स के खतरे बताए, जागरूकता बुकलेट भी बांटी,

ऊखीमठ। युवाओं को बेहतर करियर के लिए मार्गदर्शन देने के साथ-साथ उन्हें साइबर अपराध और नशे के बढ़ते खतरे से सावधान करने के उद्देश्य से बुधवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, ऊखीमठ में करियर मार्गदर्शन एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कोतवाली ऊखीमठ के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों के प्रति विद्यार्थियों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल, मैसेज या संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर पर बिना जांच-पड़ताल भरोसा न करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी को सुरक्षित रखने के संबंध में भी जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को साइबर जागरूकता संबंधी बुकलेट वितरित कर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा प्रभारी निरीक्षक ने युवाओं को सिंथेटिक ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के युवाओं को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन रिन्यू पावर कंपनी, बेडुबगड़ एवं सृष्टि ट्रस्ट के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके भविष्य के करियर को लेकर उचित मार्गदर्शन देने के साथ उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विश्वनाथ बेंजवाल, विद्यालयी स्टाफ, रिन्यू पावर कंपनी की ओर से वक्ता देवेंद्र रावत एवं पीयूष मैठानी सहित लगभग 150 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से युवाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लगातार जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का जोर विद्यार्थियों को जागरूक कर उन्हें साइबर अपराधियों और नशे के जाल से सुरक्षित रखने पर है।

रिपोर्टिंग — महिपाल सिंह नेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *