“निजी शिक्षण संस्थान के बताए जा रहे दोनों छात्र; कॉलेजों में महंगे दामों पर ड्रग बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे आरोपी”
देहरादून। महंगे शौकों को पूरा करने के लिए नशे के कारोबार में कदम रखने वाले दो युवकों को थाना प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पौंधा के पास चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8.73 ग्राम अवैध MDMA बरामद की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों युवक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और महंगे शौकों को पूरा करने के लिए MDMA की तस्करी में लिप्त हो गए थे।
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन तथा वर्तमान में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 30 सितंबर 2026 को थाना प्रेमनगर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पौंधा के पास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से MDMA बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल मोन पुत्र मुस्तफा, उम्र 22 वर्ष, निवासी मलप्पुरम, केरल, हाल निवासी ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर, देहरादून तथा साबिर अली पुत्र अब्दुला, उम्र 25 वर्ष, निवासी मलप्पुरम, केरल, हाल निवासी ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आदिल मोन के कब्जे से 4.00 ग्राम MDMA और साबिर अली के कब्जे से 4.73 ग्राम MDMA बरामद की गई।
“छात्रों को निशाना बनाने की थी तैयारी”
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपने महंगे शौकों को पूरा करने के लिए MDMA सस्ते दामों में खरीदी थी और इसे शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को कथित तौर पर महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे।
पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित तौर पर कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त जानकारियों के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 207/2026, धारा 8/22/37 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
***पुलिस टीम***
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जयेन्द्र सिंह राणा, चौकी प्रभारी बिधौली, अपर उपनिरीक्षक रामलाल, कांस्टेबल निर्भय नारायण और कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह भण्डारी शामिल रहे।
दून पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब पूछताछ में सामने आए संभावित ड्रग नेटवर्क और अन्य संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
रिपोर्टिंग — महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

