ब्रेकिंग न्यूज़

पटेल नगर में दून पुलिस का बड़ा एक्शन, 1 किलो 20 ग्राम गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार,

जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशे के कारोबार में उतरी महिला, पहले भी NDPS मामलों में जा चुकी है जेल,

देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेल नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक महिला को 1 किलो 20 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

कोतवाली पटेल नगर पुलिस टीम ने 5 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने फूलवती पत्नी राजकुमार, निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेल नगर, उम्र 38 वर्ष को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हुई थी। बरामद गांजे को वह थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में थी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित चार अभियोग दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022, 2025 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है।

दून पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में किसी भी स्तर पर संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बरामदगी: 1 किलो 20 ग्राम अवैध गांजा।

अभियुक्ता के विरुद्ध कोतवाली पटेल नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल चमन, कांस्टेबल हर्मेंद्र, कांस्टेबल नितिन सैनी और महिला कांस्टेबल संजू शामिल रहे।

नन्दा न्यूज देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *