घर का ताला तोड़कर उड़ाए थे जेवर, बेचकर भागने की फिराक में था आरोपी—पुलिस ने दबोचा,
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर करीब 8 लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी करने वाले शातिर चोर को दून पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर नकबजनी की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत ज्वैलरी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
मामला बसंत कुंज, बसंत विहार क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 6 अक्टूबर 2026 को अमित कुमार क्षेत्री निवासी 14, बसंत कुंज, बसंत विहार ने थाना बसंत विहार में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने निजी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर रखी ज्वैलरी चोरी कर ली।
तहरीर के आधार पर थाना बसंत विहार में मु0अ0सं0 213/2026, धारा 305(A) BNS के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
“एसएसपी के निर्देश पर तत्काल शुरू हुआ ऑपरेशन”

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने थाना बसंत विहार पुलिस को तत्काल घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सुरागरसी-पतारसी करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 6 अक्टूबर की रात मालिक चौक से आगे शास्त्रीनगर खाला पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को दबोच लिया।
पूछताछ और तलाशी में उसकी पहचान 32 वर्षीय शानू पुत्र खुर्शीद अहमद, निवासी मुस्लिम बस्ती, शास्त्री नगर खाला, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से चोरी की गई पूरी ज्वैलरी बरामद हो गई।
“नशे की लत ने बनाया चोर, पहले की थी घर की रेकी”

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने बसंत कुंज स्थित मकान की रेकी की थी। मौका देखकर उसने घर का ताला तोड़ा और अंदर रखी ज्वैलरी चोरी कर ली।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की ज्वैलरी को बेचने के लिए बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी और ज्वैलरी की बरामदगी के बाद पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया।
8 लाख की ज्वैलरी बरामद,
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न ज्वैलरी बरामद की—
– पीली धातु का 01 मंगलसूत्र
– पीली धातु की 02 अंगूठियां
– सफेद धातु के 01 जोड़ी झुमके
– पीली धातु का 01 झुमका
– सफेद धातु की 01 अंगूठी
– पीली धातु के 01 जोड़ी टॉप्स
बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
“पहले भी आर्म्स एक्ट के मामलों में जा चुका है जेल”
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शानू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके विरुद्ध—
1. मु0अ0सं0 46/2020, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना कोतवाली नगर, देहरादून।
2. मु0अ0सं0 91/2024, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना बसंत विहार, देहरादून।
3. मु0अ0सं0 33/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना बसंत विहार, देहरादून।
दर्ज हैं।
“इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका”
नकबजनी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह नेगी, कांस्टेबल नीरज घिल्डियाल और कांस्टेबल शार्दूल विक्रम शामिल रहे।
बसंत विहार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र अहम कड़ी साबित हुए। घटना के अगले ही दिन आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की पूरी ज्वैलरी की बरामदगी पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाती है।
नन्दा न्यूज देहरादून
