डेढ़ साल से फरार भू-धोखाधड़ी के दो इनामी गिरफ्तार, बैंक में बंधक जमीन बेचकर 40 लाख की ठगी का आरोप,
एसएसपी दून की सख्ती का असर—शामली में छिपे थे दोनों आरोपी, रायपुर पुलिस ने दबिश देकर दबोचा,
देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामले में करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे 10-10 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को थाना रायपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपियों ने बैंक में बंधक संपत्ति का सौदा कर एक महिला से करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों पर एसएसपी देहरादून की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मामला 28 अप्रैल 2025 का है। पुलिस के अनुसार, नेसविला रोड, देहरादून निवासी महिला ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमन विहार, सहस्रधारा रोड रायपुर निवासी उर्मिला शर्मा ने राजपुर क्षेत्र स्थित अपनी भूमि का सौदा 45 लाख रुपये में तय किया था। सौदे के एवज में महिला से करीब 40 लाख रुपये प्राप्त करने के बाद उर्मिला शर्मा अचानक गायब हो गई।
जब पीड़िता ने संबंधित संपत्ति के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि उक्त भूमि पहले से ही बैंक में बंधक थी और उस पर करीब 18 लाख रुपये का ऋण लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, बैंक में बंधक संपत्ति को बेचने के नाम पर महिला से रकम लेकर कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई।
शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 136/25, धारा 420/120बी/34 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल साक्ष्य जुटाने और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी उर्मिला शर्मा के साथ उसके पति सुभाष चंद्र शर्मा और पुत्र दीपक शर्मा की कथित संलिप्तता के साक्ष्य मिले।

तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने लगातार दबिशें दीं, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते हुए फरार रहे। लंबे समय तक फरार रहने पर एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
इसके बाद ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में रायपुर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश तेज की। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के शामली में छिपे हुए हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शामली में दबिश दी और 10-10 हजार रुपये के इनामी सुभाष चंद्र शर्मा और दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों से मिली जानकारी के आधार पर मुकदमे में नामजद मुख्य आरोपी उर्मिला शर्मा की पूर्व में मृत्यु होने की बात सामने आई। पुलिस ने उसकी मृत्यु से संबंधित दस्तावेज भी आरोपियों से प्राप्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष चंद्र शर्मा पुत्र रोशनलाल शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी अमन विहार, सहस्रधारा रोड, रायपुर, देहरादून तथा दीपक शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
नंदा न्यूज़ के लिए यह कार्रवाई एक बार फिर स्पष्ट करती है कि लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है और ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीमें पुराने और गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हैं।
नन्दा न्यूज देहरादून
