ब्रेकिंग न्यूज़

दीवार बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, भांजे की हत्या से इलाके में सनसनी;

### दीवार बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, भांजे की हत्या से इलाके में सनसनी; मामा और उसका बेटा पुलिस के रडार पर

तरला अधोईवाला में दो पक्षों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, घातक हथियार से हमले में 26 वर्षीय गौरव की उपचार के दौरान मौत

### नंदा न्यूज़ | देहरादून क्राइम रिपोर्ट

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में दीवार निर्माण को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घातक हथियार से किए गए हमले में 26 वर्षीय युवक गौरव की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि इस घटना में आरोपी बताए जा रहे नितिन कुमार मृतक गौरव के सगे मामा हैं। घटना में पारिवारिक रिश्तों के बीच हिंसा की इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से थाना रायपुर को तरला अधोईवाला में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नितिन कुमार पुत्र दर्शन लाल और उनके बेटे रोहित कुमार का गौरव, मटरू, भोली तथा कमला देवी के साथ दीवार बनाने को लेकर विवाद हो गया था।

देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान नितिन कुमार और उनके बेटे रोहित कुमार ने गौरव पर घातक हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी वाहन से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान गौरव ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान गौरव पुत्र स्वर्गीय चमनलाल बागड़ी, निवासी मोहनी रोड, डालनवाला, देहरादून, उम्र लगभग 26 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि मृतक गौरव आरोपी नितिन कुमार का भांजा था। वहीं, घटना में घायल रोहित उर्फ भोली और कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

### मामा और बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

घटना के संबंध में मृतक पक्ष की ओर से करण कुमार पुत्र स्वर्गीय चमनलाल की लिखित तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 467/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

### एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल और फील्ड यूनिट की टीमों को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। वहीं, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नंदा न्यूज़ की विशेष टिप्पणी: राजधानी देहरादून में दीवार निर्माण जैसे विवाद का इस कदर खूनी संघर्ष में बदल जाना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। रिश्तों की मर्यादा और आपसी विवादों को बातचीत से सुलझाने की जरूरत एक बार फिर इस घटना ने उजागर की है।

नंदा न्यूज़ | देहरादून से क्राइम रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *