***पटेलनगर प्रकरण में पुलिस का बड़ा खुलासा***
***साक्ष्यों के आधार पर सात आरोपी गिरफ्तार***
“किसी व्यक्ति के कृत्य को संगठन से जोड़कर माहौल बिगाड़ने वालों पर सोशल मीडिया सेल की पैनी नजर”
नंदा न्यूज़: देहरादून
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में सामने आए प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी और कथित भ्रामक प्रचार के बीच देहरादून पुलिस ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि किसी व्यक्ति विशेष के कृत्य को किसी संगठन से जोड़कर पूरे संगठन की छवि धूमिल करने अथवा जानबूझकर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने मामले की अब तक की जांच और कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए बताया कि पटेलनगर प्रकरण में पुलिस किसी दबाव, अफवाह या सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। वादी के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के बाद अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
**एक व्यक्ति का कृत्य पूरे संगठन पर थोपना बर्दाश्त नहीं**
पुलिस अधिकारी ने सोशल मीडिया पर पिछले दो-तीन दिनों से चल रही गतिविधियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा एक व्यक्ति विशेष के कृत्य को जानबूझकर एक खास संगठन से जोड़ने और पूरे संगठन को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। किसी एक व्यक्ति की भूमिका के आधार पर पूरे संगठन को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों में अलग-अलग धर्म और जातियों के लोग शामिल हैं। ऐसे में किसी एक संगठन अथवा वर्ग को घटना से जोड़कर प्रस्तुत करना तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने जैसा है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।
**सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की अब खैर नहीं**
इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने सोशल मीडिया पर सक्रिय उन लोगों को भी कड़ा संदेश दिया है, जो कथित तौर पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए पोस्ट और टिप्पणियों के माध्यम से किसी संगठन की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
देहरादून पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस ने साफ किया है कि जानबूझकर गलत जानकारी प्रसारित करने, भ्रामक पोस्ट डालने अथवा किसी संगठन को बदनाम करने के उद्देश्य से प्रचार करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“सात गिरफ्तारियों के बाद भी जांच जारी, अन्य संदिग्ध पुलिस के रडार पर”
पुलिस के मुताबिक, अब तक की गई सात गिरफ्तारियां जांच में जुटाए गए बयानों, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर हुई हैं। विवेचना अभी जारी है। अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
“पुलिस का सीधा संदेश—न अफवाह चलेगी, न किसी को बदनाम करने की छूट मिलेगी”
पटेलनगर प्रकरण में देहरादून पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था और निष्पक्ष जांच सर्वोपरि है। किसी भी व्यक्ति को सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर मनगढ़ंत दावे करने, किसी संगठन को बदनाम करने या समाज में भ्रम और तनाव पैदा करने की छूट नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट खबर पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे साझा करें। मामले से संबंधित सही जानकारी के लिए पुलिस के आधिकारिक वक्तव्यों और सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
दून पुलिस की दो टूक—अपराध में जिसकी भूमिका होगी, कार्रवाई उसी के विरुद्ध होगी। किसी एक व्यक्ति के कृत्य की आड़ में पूरे संगठन को बदनाम करने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।नंदा न्यूज़ नोट: यह समाचार संबंधित पुलिस अधिकारी के आधिकारिक वक्तव्य पर आधारित है। प्रकरण की विवेचना जारी है। सभी आरोपों एवं गिरफ्तार व्यक्तियों के संबंध में अंतिम निर्णय माननीय न्यायालय द्वारा किया जाएगा। नंदा न्यूज़ किसी व्यक्ति, समुदाय अथवा संगठन के विरुद्ध अपुष्ट आरोपों का समर्थन नहीं करता।
