एसएसपी दून के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और रायपुर पुलिस की संयुक्त छापेमारी;
आपत्तिजनक सामग्री के साथ 3,740 रुपये नकद बरामद,
नंदा न्यूज़ : देहरादून
देहरादून। राजधानी देहरादून में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित हो रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ दून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सहस्त्रधारा रोड स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे कथित अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से देह व्यापार संचालित करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के कमरे से आपत्तिजनक सामग्री और 3,740 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि थाना रायपुर क्षेत्र में टचवुड स्कूल के पास सहस्त्रधारा रोड स्थित सनराइज स्पा सेंटर में स्पेशल सर्विस के नाम पर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और थाना रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को सेंटर के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस के मुताबिक, मौके से आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद की गई।
जांच के दौरान स्पा सेंटर का संचालन कर रही महिला की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान वकिला पुत्री गुलाम रसूल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में आईएसबीटी बंजारावाला क्षेत्र से संबंधित पते पर निवास करती थी तथा वर्तमान में माजरा स्थित दून कॉलोनी में रह रही थी।
पुलिस ने गिरफ्तार महिला के विरुद्ध थाना रायपुर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
*स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर*
इस कार्रवाई के बाद शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
***संयुक्त टीम में शामिल पुलिसकर्मी***
कार्रवाई में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट से निरीक्षक राकेन्द्र कठैत, महिला उपनिरीक्षक कल्पना पाण्डेय, हेड कांस्टेबल रचना डोभाल, कांस्टेबल आशीष चौहान, प्रदीप सिंह और देवेंद्र सिंह शामिल रहे।
वहीं थाना रायपुर पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक विकसित पंवार, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह रावत और कांस्टेबल मोहित सैलानी ने कार्रवाई में सहयोग किया।
