ब्रेकिंग न्यूज़

छठ पूजा को लेकर दून पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान, 15 और 16 नवंबर को इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन,

**नंदा की चौकी और प्रेमनगर में छठ पूजा के दौरान रहेगा विशेष यातायात डायवर्जन,

पुलिस ने निर्धारित किए पांच पार्किंग स्थल;

नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 1500 रुपये का जुर्माना**

 

नंदा न्यूज़ : देहरादून

**देहरादून।** छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 15 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। विशेष रूप से नंदा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं।

मीडिया सेल देहरादून की ओर से जारी यातायात एडवाइजरी के अनुसार, देहरादून से सहसपुर और विकासनगर की ओर जाने वाले वाहनों को प्रेमनगर से न्यू एक्सप्रेस-वे होते हुए सिंघनीवाला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं देहरादून शहर से नंदा की चौकी में छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए रांघड़वाला तिराहा से प्रेमनगर चौक होते हुए नंदा की चौकी तक का मार्ग निर्धारित किया गया है।

**भाऊवाला और बिधोली से आने वाले वाहनों के लिए अलग रूट**

पुलिस ने भाऊवाला से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों के लिए सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड होते हुए प्रेमनगर चौक पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया है। इसी प्रकार बिधोली से प्रेमनगर आने वाले वाहन नंदा की चौकी, सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

वहीं प्रेमनगर से झाझरा, सुद्धोवाला और बिधोली की ओर जाने वाले वाहनों को ठाकुरपुर रूट और बालाजी धाम के रास्ते भेजा जाएगा।

**भारी वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू**

यातायात दबाव को कम करने के लिए धूलकोट तिराहे से भारी वाहनों को सिंघनीवाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन बड़ोंवाला होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नंदा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार ट्रैफिक प्लान में आवश्यक बदलाव भी किया जा सकता है।

**पुलिस ने निर्धारित किए पांच पार्किंग स्थल**

छठ पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है।

1. सुभारती कॉलेज पार्किंग।

2. उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के पास घाट पर।

3. नंदा की चौकी पेट्रोल पंप के पास।

4. आसन नदी के तट पर।

5. चंद्रबनी हॉट बाजार ग्राउंड तथा मालदेवता रोड नदी क्षेत्र के खाली मैदान में पार्किंग व्यवस्था।

**नो पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो लगेगा 1500 रुपये जुर्माना**

देहरादून पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान निजी वाहनों का प्रयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही करें। अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, जैसे विक्रम, ऑटो और सिटी बस का इस्तेमाल करें।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस ने लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, खरीदारी के लिए अंतिम समय की भीड़ से बचने और समय रहते अपने आवश्यक कार्य पूरे करने की सलाह दी है। दोपहिया वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील भी की गई है।

**आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी निर्बाध आवाजाही**

 

पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, पुलिस, अग्निशमन विभाग सहित आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को न तो रोका जाएगा और न ही डायवर्ट किया जाएगा।

देहरादून पुलिस ने दूनवासियों और छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का सहयोग करने की अपील की है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *