गौकशी की साजिश नाकाम, एसएसपी दून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
गौवंशीय बछड़े और कटान के औजारों के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार,
नंदा न्यूज़ : देहरादून
देहरादून। राजधानी देहरादून में गौवंशीय पशुओं की तस्करी और अवैध कटान की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी दून के नेतृत्व में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गौकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध कटान के लिए लाया गया एक गौवंशीय बछड़ा तथा कटान में इस्तेमाल होने वाले कुल्हाड़ी, छुरी और चापड़ समेत अन्य औजार बरामद किए हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद आरोपी के दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों और अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त और संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। इन निर्देशों के तहत जिलेभर में पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है।
इसी अभियान के दौरान 15 नवंबर की रात्रि को पटेलनगर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गौवंशीय पशु को अवैध रूप से कटान के लिए ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और पटेलनगर क्षेत्र में सोशल बलूनी स्कूल जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खाली प्लॉट में दबिश दी।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक गौवंशीय बछड़ा और पशु कटान में इस्तेमाल किए जाने वाले कुल्हाड़ी, छुरी, चापड़ सहित अन्य औजार बरामद किए
“पूछताछ में सामने आया आपराधिक इतिहास”
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहनवाज पुत्र मुनव्वर निवासी कुरैशियन मोहल्ला, बड़ी मस्जिद, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले कई वर्षों से गौकशी के काम में संलिप्त है और पूर्व में भी गौकशी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं के मामलों में जेल जा चुका है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों साकिब और साहियान के साथ मिलकर एक गाय का बछड़ा चोरी किया था। तीनों की योजना बछड़े का अवैध कटान कर उसका मांस बेचकर मुनाफा कमाने की थी। हालांकि, घटना को अंजाम देने से पहले ही पटेलनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया और उनकी योजना को नाकाम कर दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और उसके फरार साथियों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 870/26 के तहत उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 11/3/6 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11/3 में अभियोग पंजीकृत किया है।
“फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस”
इस मामले में फरार दोनों आरोपियों की पहचान साकिब पुत्र इस्तकार निवासी खेड़ी सिकरोड़ा, भगवानपुर, हरिद्वार, हाल निवासी मदीना मस्जिद के पास, ब्राह्मणवाला, पटेलनगर तथा साहियान पुत्र सलीम निवासी कारगी ग्रांट, थाना पटेलनगर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
***कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम***
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, कांस्टेबल आशीष नैनवाल, कांस्टेबल मुकेश रावत और कांस्टेबल नितिन कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसएसपी दून के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग और अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस की इस कार्रवाई को गौवंशीय पशुओं की तस्करी और अवैध कटान की घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब पुलिस की प्राथमिकता फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करना और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करना है।
