नंदा न्यूज़ :कर्णप्रयाग ( चमोली )
कर्णप्रयाग। सात दिवसीय गौचर मेले के सफल आयोजन और समापन की जिम्मेदारी निभाने के अगले ही दिन कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी एवं मेला अधिकारी अलकेश नौडियाल ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। 21 नवंबर को उन्होंने कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध उमा देवी मंदिर में अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की उपजिलाधिकारी यक्षी अरोड़ा के साथ सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंध गए।
गौचर मेले के सफल आयोजन और समापन के बाद विवाह की तैयारियों को तेजी से पूरा कर विवाह समारोह संपन्न कराना इस पूरे घटनाक्रम को खास बनाता है। सात दिवसीय गौचर मेले के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं, आयोजन और जिम्मेदारियों में व्यस्त रहे अलकेश नौडियाल ने मेले की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत की।
21 नवंबर को कर्णप्रयाग के प्रसिद्ध उमा देवी मंदिर में आयोजित विवाह समारोह में एसडीएम अलकेश नौडियाल और एसडीएम यक्षी अरोड़ा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए और एक-दूसरे का जीवनसाथी बनने का संकल्प लिया।
अलकेश नौडियाल कर्णप्रयाग में उपजिलाधिकारी के साथ गौचर मेले के मेला अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। वहीं यक्षी अरोड़ा अल्मोड़ा जनपद के भिकियासैंण में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं। दोनों प्रशासनिक अधिकारियों का विवाह उत्तराखंड की प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े परिचितों और शुभचिंतकों के बीच एक सुखद प्रसंग के रूप में देखा जा रहा है।
गौचर मेले की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने के बाद वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने वाले अलकेश नौडियाल और यक्षी अरोड़ा को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं।
