ब्रेकिंग न्यूज़

रखवाला ही बना लुटेरा! बुजुर्ग महिला के घर लूट की पटकथा लिखने वाला केयरटेकर, 36 घंटे में दून पुलिस ने खोला राज,

की सुरक्षा और देखभाल का जिम्मा संभालने वाला ही निकला वारदात का मास्टरमाइंड, आंखों में स्प्रे डालकर बुजुर्ग महिला और नौकरानी को बनाया निशाना, तीन गिरफ्तार… 12 लाख के जेवर बरामद,

नंदा न्यूज़

देहरादून। जिस व्यक्ति पर घर की देखभाल और सुरक्षा का भरोसा था, वही भरोसे की आड़ में लूट की साजिश रच बैठा। देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के घर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का दून पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में घर का केयरटेकर ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

मामला बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव का है। 22 नवंबर की रात आरोपियों ने बुजुर्ग महिला और उनकी नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर उन्हें असहाय कर दिया। इसके बाद बुजुर्ग महिला के पहने हुए आभूषण जबरन उतरवाए गए और घर में रखे अन्य सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ और सुरागरसी-पतारसी तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद 25 नवंबर को पुलिस को आरोपियों के कांवली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास मौजूद होने की सूचना मिली, जहां से पुलिस टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घर का केयरटेकर होशियार सिंह ही इस पूरी वारदात की योजना बना रहा था। उसने अपने साथियों को घर की जानकारी देकर लूट में शामिल होने का लालच दिया था। योजना के मुताबिक, वारदात की रात करीब दो बजे आरोपी घर पहुंचे, जहां केयरटेकर पहले से मौजूद था। उसने घर का दरवाजा खोलकर साथियों को अंदर बुलाया और पीड़िता व नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर उन्हें काबू करने में भूमिका निभाई। इसके बाद आरोपियों ने आभूषण और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी हिमांशु, नितिन और रुपा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी हैं और आपस में भाई-बहन बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमके, कड़ा, चांदी की पायल, कमर की तिकड़ी, मोती की माला सहित अन्य आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

भरोसे की आड़ में बुजुर्गों को निशाना बनाने वाली इस वारदात ने सुरक्षा और विश्वास के रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *