राम माधव का कांग्रेस पर हमला, बोले– संविधान को खतरा नहीं, कांग्रेस को अपना खतरा है
नंदा न्यूज़ : देहरादून | 26 नवंबर 2026
संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून की ओर से दून मेडिकल कॉलेज, देहराखास में भव्य प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण पर विस्तार से विचार रखे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि संविधान को खतरा नहीं है, खतरा कांग्रेस पार्टी को अपना है।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, दीप्ति रावत, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, स्वराज विद्वान, देहरादून बार काउंसिल अध्यक्ष अनिल शर्मा, डॉ. महेश कुड़ियल और पंकज गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, शिक्षाविद, अधिवक्ता तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद मुख्य वक्ता राम माधव ने संविधान की निर्माण यात्रा और उसकी मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने वाला राष्ट्रीय मार्गदर्शक है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान कर लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया है।
राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में व्यापक स्तर पर मनाने और संविधान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया है। संविधान कोई राजनीतिक दस्तावेज मात्र नहीं, बल्कि देश का गौरव और लोकतांत्रिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। भाजपा संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति प्रतिबद्ध है तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, आपातकाल और संविधान संशोधनों का उठाया मुद्दा

अपने संबोधन में राम माधव ने कांग्रेस पर संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की रक्षा की बात कर रही है, लेकिन संविधान में बदलाव और संवैधानिक व्यवस्थाओं के साथ छेड़छाड़ के इतिहास को भी जनता को याद रखना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से इंदिरा गांधी के कार्यकाल में संविधान में किए गए संशोधनों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान सुरक्षित हाथों में है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संविधान की वास्तविक भावना, स्वतंत्रता, समानता, न्याय और नागरिक कर्तव्यों को समझें तथा अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करें। लोकतंत्र में जनता तक सही तथ्य और संवैधानिक मूल्यों की जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। संविधान के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब तथ्यों और लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए।
सम्मेलन में राम माधव ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों और प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव, विचार और योगदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सक्रिय लोगों की सहभागिता से ही समरस, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया संविधान दिवस का महत्व:

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत करते हुए कहा कि संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि संविधान के आदर्शों, मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों को आत्मसात करने का दिन है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलते हुए समरस, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सभी को योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष, महानगर प्रभारी राकेश गिरी ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन को सामाजिक समानता, न्याय, समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का विचार और दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए उतना ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के समापन पर देहरादून बार काउंसिल अध्यक्ष अनिल शर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। बाबा साहेब के समतामूलक और न्यायपूर्ण भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
कार्यक्रम में संयोजक सुरेंद्र राणा, सहसंयोजक सुनील शर्मा, राजेश बडोनी, देवेंद्र पाल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, दायित्वधारी, महानगर के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
