ब्रेकिंग न्यूज़

आपदा से निपटने के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीमें अलर्ट!

* सीओ अवनी तिवारी ने किया मॉक ड्रिल का पर्यवेक्षण।

आपदा से निपटने के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीमें अलर्ट! जंगल की आग से लेकर भूकंप और वाहन दुर्घटना तक का हुआ मॉक ड्रिल अभ्यास,

खांकरा और भटवाड़ी सैंण में दो अलग-अलग स्थानों पर परखी गई तैयारियां, पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और जल पुलिस ने मिलकर चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान।

नंदा न्यूज़

रुद्रप्रयाग। पहाड़ों में प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को जनपद में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस अभ्यास में जंगल की आग, भूकंप, भूस्खलन और वाहन दुर्घटना जैसी परिस्थितियां पैदा कर राहत एवं बचाव टीमों की तत्परता का परीक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान दो अलग-अलग स्थानों को अभ्यास केंद्र बनाया गया। पहले घटनास्थल खांकरा क्षेत्र के सम्राट होटल के समीप जंगल में आग लगने की काल्पनिक सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस, जवाड़ी चौकी पुलिस और रतूड़ा से फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने संयुक्त रूप से आग पर नियंत्रण पाने तथा उसे आबादी की ओर फैलने से रोकने का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान आग पर पूरी तरह काबू पाने और किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने की सूचना दी गई।

भूकंप और वाहन दुर्घटना में चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान

 

 

दूसरा अभ्यास भटवाड़ी सैंण क्षेत्र में किया गया। यहां अचानक भूकंप आने और भूस्खलन की चपेट में एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की काल्पनिक सूचना प्रसारित की गई। वाहन में चार लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं।

रेस्क्यू टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का संयुक्त अभ्यास किया।

### विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की परखी गई क्षमता

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, उपलब्ध संसाधनों की उपयोगिता और राहत-बचाव कार्यों की तत्परता को परखना रहा।

पूरे अभ्यास का पर्यवेक्षण पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग अवनी तिवारी ने किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग अशोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अगस्त्यमुनि गुमान सिंह तथा अग्निशमन अधिकारी शंकर रमोला अपनी-अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।

मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के साथ पुलिस और संबंधित विभागों ने यह संदेश दिया कि प्राकृतिक आपदा या किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आपसी समन्वय और पूर्व तैयारी बेहद जरूरी है।

ताजा खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज़। हमारे पेज NandaNews.in को फॉलो जरूर करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *