29 नवंबर को होगी उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026, सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था की तैयारियों का लिया जायजा
नंदा न्यूज़
रुद्रप्रयाग। आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस उपाधीक्षक अवनी तिवारी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग अशोक कुमार के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंध, पुलिस की तैनाती, अभ्यर्थियों के आवागमन तथा कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी ली गई। सीओ ने परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधन से संवाद कर परीक्षा आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं और सुरक्षा आवश्यकताओं पर चर्चा की।
पुलिस उपाधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की आवाजाही सुचारु रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
इसके साथ ही परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए।
रुद्रप्रयाग पुलिस परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी है।
**ऐसी ही ताजा खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज़, हमारे पेज NandaNews.in को फॉलो जरूर करें।
