ब्रेकिंग न्यूज़

# राजमिस्त्री के बेटे हिमांशु पंवार ने पहले प्रयास में पास की NDA परीक्षा, बमियाला गांव से देशसेवा के सपने तक का सफर,

# राजमिस्त्री के बेटे हिमांशु पंवार ने पहले प्रयास में पास की NDA परीक्षा, बमियाला गांव से देशसेवा के सपने तक का सफर,

**सरकारी विद्यालय में पढ़ाई, बिना कोचिंग लाइब्रेरी में स्वाध्याय कर हासिल की बड़ी सफलता, चमोली के नारायणबगड़ का नाम किया रोशन**

“पहाड़ के बेटे का बड़ा कमाल: राजमिस्त्री के बेटे हिमांशु ने बिना कोचिंग पहले प्रयास में पास की NDA परीक्षा”।

## मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।

***** इस कहावत को सच कर दिखाया है *****

**नंदा न्यूज़ | नारायणबगड़ चमोली**

चमोली जनपद के नारायणबगड़ विकासखंड के दूरस्थ गांव बमियाला निवासी हिमांशु पंवार ने। एक साधारण परिवार में पले-बढ़े हिमांशु ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

हिमांशु की सफलता की कहानी उन युवाओं के लिए खास प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखते हैं। उनके पिता गजे सिंह पंवार राजमिस्त्री का काम करते हैं और मेहनत-मजदूरी के जरिए परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक परिस्थितियां भले ही सामान्य रही हों, लेकिन परिवार ने हिमांशु के सपनों और उनकी मेहनत को आगे बढ़ने का हौसला दिया।

हिमांशु ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद श्रीनंदा देवी जनता इंटर कॉलेज कफोली से हाईस्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त करते हुए उन्होंने सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य अपने मन में संजोया और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की।

इंटरमीडिएट के बाद हिमांशु देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मामा रणजीत सिंह के पास रहकर NDA की तैयारी शुरू की। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी महंगी कोचिंग का सहारा नहीं लिया, बल्कि लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन और स्वाध्याय को अपनी तैयारी का आधार बनाया। आखिरकार उनकी मेहनत सफल हुई और पहले ही प्रयास में NDA परीक्षा उत्तीर्ण कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

हिमांशु की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता और परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। बमियाला गांव, नारायणबगड़ विकासखंड और पूरे चमोली जनपद में उनकी सफलता को लेकर खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने हिमांशु को बधाई देते हुए इसे पहाड़ के युवाओं और सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

**हिमांशु की कहानी यह संदेश देती है कि सफलता न महंगे संस्थानों की मोहताज है और न ही बड़े शहरों की।** गांव की मिट्टी, सरकारी स्कूल की शिक्षा, मेहनत की आदत और लक्ष्य के प्रति ईमानदारी भी किसी युवा को सफलता की बुलंदियों तक पहुंचा सकती है।

देवभूमि उत्तराखंड के दूरस्थ गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हिमांशु पंवार ने अपनी उपलब्धि से एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ के युवा अवसर मिलने पर किसी भी चुनौती को पार करने का दम रखते हैं।

**राजमिस्त्री पिता के बेटे की NDA तक पहुंची सफलता की यह कहानी पूरे पहाड़ के लिए गर्व का क्षण है। हिमांशु को हार्दिक बधाई एवं देशसेवा के पथ पर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।**

**जय देवभूमि! जय हिंद!**

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *