ब्रेकिंग न्यूज़

सिमली बेस अस्पताल की मांग को लेकर देवाल ब्लॉक में अधिकार यात्रा, वाण-बोरागाड़ समेत गांवों में जुटाया जनसमर्थन,

### सिमली बेस अस्पताल की मांग को लेकर देवाल ब्लॉक में अधिकार यात्रा, वाण-बोरागाड़ समेत गांवों में जुटाया जनसमर्थन

### संघर्ष समिति अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी (मुन्ना भाई) का दो टूक ऐलान—“सिमली में बेस अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज चाहिए, चाहिए और चाहिए”; मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा

नंदा न्यूज़ | चमोली

सिमली बेस अस्पताल की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब गांव-गांव जनसमर्थन जुटाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सिमली बेस अस्पताल संघर्ष समिति की ओर से निकाली जा रही अधिकार यात्रा आज देवाल ब्लॉक के वाण गांव, बोरागाड़ सहित विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने ग्रामीणों से मुलाकात कर सिमली में बेस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर समर्थन मांगा।

अधिकार यात्रा के दौरान ग्रामीणों को आंदोलन के उद्देश्य और क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता से अवगत कराया गया। समिति का कहना है कि पिंडर घाटी और चमोली के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव लंबे समय से लोगों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सिमली में पूर्ण बेस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से क्षेत्र के हजारों-लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकता है।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, जिन्हें मुन्ना भाई के नाम से भी जाना जाता है, ने आंदोलन को लेकर साफ शब्दों में कहा कि अब सिमली में बेस अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज भी चाहिए, चाहिए और चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सिमली में बेस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी नहीं होती, तब तक संघर्ष समिति का आंदोलन थमने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि समिति पूरे जिले में गांव-गांव, क्षेत्र-क्षेत्र घूमकर ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों से समर्थन मांग रही है। इस जनसंपर्क अभियान में लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और क्षेत्र की जनता स्वास्थ्य सुविधाओं के इस मुद्दे पर एकजुट होती दिखाई दे रही है।

अधिकार यात्रा के दौरान प्रधान संगठन के अध्यक्ष श्री खिलाफ सिंह बिष्ट और प्रधान संगठन के महामंत्री श्री नरेंद्र सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे। दोनों पदाधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों से संवाद कर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की गई।

संघर्ष समिति का कहना है कि सिमली बेस अस्पताल की मांग किसी एक गांव, क्षेत्र या व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे चमोली जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार की उपलब्धता और भविष्य की पीढ़ियों के हितों से जुड़ा सवाल है। इसी उद्देश्य से अधिकार यात्रा के माध्यम से लगातार जनसमर्थन जुटाया जा रहा है।

संघर्ष समिति का स्पष्ट संदेश है—सिमली में बेस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा और इस आंदोलन को जिले के हर गांव तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *