भैरव गदेरे के पास अकेली घूम रही थीं महाराष्ट्र निवासी मंगला बाई पाटिल, लिंचोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली राहत,
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रुद्रप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों से बिछुड़ी 60 वर्षीय महिला को सकुशल बरामद किया है। पुलिस की तत्परता से महिला को सुरक्षित सहायता मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी श्रीमती मंगला बाई पाटिल श्री केदारनाथ धाम से वापस लौटते समय भैरव गदेरे के पास अपने परिजनों से बिछुड़ गई थीं। महिला के इस क्षेत्र में अकेले घूमने की सूचना मिलने पर चौकी लिंचोली पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर उन्हें सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने महिला से आवश्यक जानकारी जुटाई और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए महिला को कोतवाली सोनप्रयाग भेज दिया गया, जहां उनके परिजन उनके सकुशल पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहे थे।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील,
केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ रहें और विशेष रूप से बुजुर्गों का ध्यान रखें। यात्रा मार्ग पर किसी भी परिस्थिति में परिजनों से बिछुड़ने पर तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी या सहायता केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा सके।
रुद्रप्रयाग पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस की तत्परता सामने आई है।
नंदा न्यूज़ | उत्तराखंड की हर खबर पर नज़र
