ब्रेकिंग न्यूज़

बुजुर्ग सैन्य अधिकारी का घर बना था निशाना, पुलिस ने चोर को जेवरात समेत दबोचा,

### एसएसपी दून की रणनीति ने खोली शातिर चोर की पोल, पूर्व सैन्य अधिकारी के घर चोरी का सनसनीखेज खुलासा

### दीवार फांदकर बुजुर्ग दंपति के घर में घुसा था चोर, करीब 10 लाख रुपये के जेवरात बरामद; नशे की लत पूरी करने के लिए दिया था वारदात को अंजाम

नंदा न्यूज़ | अपराध समाचार

देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए दून पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण किया है। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र की पॉश डिफेंस कॉलोनी में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कामयाबी को एसएसपी देहरादून की प्रभावी रणनीति, सतर्क निगरानी और टीम की लगातार मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

##बुजुर्ग दंपति के घर को बनाया था निशाना##

मामला डिफेंस कॉलोनी के सेक्टर-1 स्थित एक आवास का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात चोर ने घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गया। यह मकान सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल एम.एम. कुकरेती का है। घटना के संबंध में उनकी पुत्री रुचि कौशल ने 29 अक्टूबर को थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा संख्या 448/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) में मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की।

##सीसीटीवी फुटेज से लेकर मुखबिर तंत्र तक, पुलिस ने बिछाया जाल##

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को वारदात का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना नेहरू कॉलोनी में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरागरसी-पतारसी तेज की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

“पुलिस की इसी रणनीति ने आखिरकार आरोपी तक पहुंचने का रास्ता साफ कर दिया।

##विधानसभा चौक के पास पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी,

14 नवंबर को चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विधानसभा चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी रजनीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद की। बताया गया कि आरोपी चोरी के आभूषणों को बेचकर देहरादून से बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

##नशे की लत ने बनाया चोर, पूछताछ में कबूली वारदात

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के आभूषणों को बेचकर रकम जुटाने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश कुमार (29 वर्ष), पुत्र धर्मवीर, निवासी चकशाह नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।

**सुधा रावत के नेतृत्व में टीम ने हासिल की सफलता**

इस पूरे घटनाक्रम के खुलासे में चौकी प्रभारी डिफेंस कॉलोनी उपनिरीक्षक सुधा रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में कांस्टेबल पप्पू और कांस्टेबल अर्जुन चौधरी शामिल रहे।

दून पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराध कर कानून की पकड़ से बच निकलना आसान नहीं है। खासकर बुजुर्ग नागरिकों के घरों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *