रानीपोखरी के पॉलीटेक्निक कॉलेज में पुलिस-डॉक्टरों की संयुक्त कार्रवाई, नशे के खिलाफ छात्रों को दिया सख्त संदेश !
देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत दून पुलिस ने शिक्षण संस्थानों में अपनी निगरानी और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रानीपोखरी थाना क्षेत्र के पॉलीटेक्निक कॉलेज घमंडपुर में पुलिस और चिकित्सकों की संयुक्त टीम ने बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में से 31 विद्यार्थियों का रैंडम ड्रग्स टेस्ट किट के जरिए यूरिन टेस्ट कराया गया। राहत की बात यह रही कि सभी 31 विद्यार्थियों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई।

जांच के बाद पुलिस टीम ने कॉलेज परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने विद्यार्थियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों को नशे से मुक्त रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यदि कोई छात्र-छात्रा नशीले पदार्थों का सेवन या उससे जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो नियमानुसार संबंधित छात्र तथा शिक्षण संस्थान के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

दून पुलिस की इस कार्रवाई की कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सराहना की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स फ्री कैंपस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे के खतरे से बचाना और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी है।
