ब्रेकिंग न्यूज़
पटेलनगर में फायरिंग से मचा हड़कंप, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
कॉलेज विवाद में दोबारा चली गोली, युवक घायल — पुलिस ने स्विफ्ट कार समेत एक आरोपी दबोचा
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, कॉलेज में हुए पुराने विवाद को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें साहिल नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और जनपद के सभी थाना क्षेत्रों व सीमावर्ती चेक पोस्टों को अलर्ट किया। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नया गांव बैरियर के पास घटना में शामिल आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार HR-51-AZ-0890 भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विवाद के चलते पहले आईटीएस कॉलेज रोड पर फायरिंग की गई और बाद में पीछा करने पर शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास दोबारा गोली चलाई गई, जिसमें साहिल घायल हुआ।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
