शोभायात्रा के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर बदला रहेगा यातायात; पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की,
देहरादून। 4 अक्टूबर 2026 को नगर कीर्तन के आयोजन को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। नगर कीर्तन की शोभायात्रा दोपहर 12 बजे गुरुनानक ग्राउंड, रेसकोर्स से प्रारंभ होगी और निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में समाप्त होगी।
शोभायात्रा का निर्धारित मार्ग गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स–रेसकोर्स चौक–प्रिंस चौक–रेलवे स्टेशन (आढ़त बाजार)–दर्शनी गेट–कोतवाली नगर के सामने से कालिका मंदिर रोड–प्रभात डेयरी खुड़बुड़ा (तिलक रोड)–झंडा बाजार–सहारनपुर चौक–गुरुद्वारा सिंह सभा आढ़त बाजार–प्रिंस चौक–त्यागी रोड–रेस्ट कैंप चौक होते हुए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स रहेगा।
#शोभायात्रा के साथ बदलता रहेगा यातायात,
पुलिस के अनुसार शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ संबंधित मार्गों पर यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा के गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स से प्रस्थान करते ही बन्नू स्कूल चौक से रेसकोर्स चौक की ओर आने वाले यातायात को चंदर नगर/गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं रेसकोर्स चौक से बन्नू स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को सीएमआई तथा आराघर मार्ग से भेजा जाएगा।
रेसकोर्स चौक पर शोभायात्रा पहुंचने के दौरान यातायात को सीएमआई चौक से सुभाष रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
प्रिंस चौक पार करने के दौरान सहारनपुर रोड से आने वाले यातायात को आवश्यकता के अनुसार पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और रेलवे स्टेशन की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं सहारनपुर रोड की ओर जाने वाले यातायात को रेसकोर्स, धर्मपुर चौक और माता मंदिर रोड होते हुए आईएसबीटी की ओर भेजा जाएगा।
रेलवे स्टेशन गेट पर शोभायात्रा पहुंचने के दौरान सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को पटेलनगर मंडी से जीएमएस रोड की ओर तथा बल्लीवाला की ओर से आने वाले यातायात को बल्लूपुर चौक/आईएसबीटी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा का पिछला हिस्सा दर्शनी गेट पार करने के बाद संबंधित स्थानों पर यातायात को आवश्यकता के अनुसार सामान्य किया जाएगा।
तिलक रोड और सहारनपुर चौक पर भी रहेगा डायवर्जन,
शोभायात्रा के बिंदाल से तिलक रोड पहुंचने पर बिंदाल चौक से तिलक रोड जाने वाले यातायात को घंटाघर की ओर भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने पर बल्लीवाला, पटेलनगर मंडी, लालपुल और मातावाला क्षेत्रों से यातायात को आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।
इसके बाद शोभायात्रा के प्रिंस चौक पार करने पर प्रिंस चौक से त्यागी रोड जाने वाले यातायात को हरिद्वार रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं पटेलनगर मंडी, लालपुल और बल्लीवाला चौक से डायवर्ट किए गए यातायात को आवश्यकता के अनुसार सामान्य किया जाएगा।
अंबर पैलेस तिराहे पर शोभायात्रा पहुंचने के दौरान बन्नू स्कूल चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यातायात को रेसकोर्स की ओर से भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के गुरुद्वारा ग्राउंड पहुंचने के बाद सभी डायवर्जन प्वाइंटों पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कर दिया जाएगा।
#इन स्थानों पर रहेंगे डायवर्जन/बैरियर प्वाइंट,
1. मातावाला बाग
2. लालपुल
3. पटेलनगर मंडी
4. रेलवे स्टेशन
5. प्रिंस चौक
6. बल्लीवाला चौक
7. बन्नू स्कूल
8. सीएमआई चौक
9. रेसकोर्स चौक
10. तहसील चौक
#देहरादून पुलिस की आमजन से अपील,
देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 4 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शोभायात्रा/कार्यक्रम की समाप्ति तक निर्धारित रूट का अनावश्यक प्रयोग करने से बचें। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने विशेष रूप से लोगों से जहां संभव हो दोपहिया वाहनों का अधिक से अधिक प्रयोग करने तथा शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक वाहन लेकर न जाने की अपील की है, ताकि नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यातायात को भी सुचारु रखा जा सके।
नंदा न्यूज़ | देहरादून
