विकासनगर पुलिस ने चोरी की स्प्लेंडर प्लस बरामद की, पार्ट्स निकालकर बेचने की फिराक में था आरोपी,
विकासनगर। विकासनगर क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UK-16-D-7288 बरामद कर ली है।
हरबर्टपुर निवासी निखिल राघव ने 1 सितंबर को सरस्वती डिजिटल सर्विसेज, हरबर्टपुर के पास से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद विकासनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 2 सितंबर को रामपुर मंडी छतरी से ढालीपुर कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान इसरान पुत्र ताहिर, निवासी दबेडा कलां, थाना चिलकाना, जनपद सहारनपुर, उम्र 30 वर्ष, को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की बाइक के पार्ट्स निकालकर उन्हें बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना यमुना नगर सदर, हरियाणा में वर्ष 2025 में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, चौकी प्रभारी कुल्हाल, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र बर्थवाल, कांस्टेबल नवीन कोहली, नरेश पंत, शिवा घिल्डियाल, नितिन तथा पीआरडी ऋतिक चौहान शामिल रहे।
