नेहरूग्राम में सड़क पर हंगामा और मारपीट की नौबत, रायपुर पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई — समझाने के बावजूद नहीं माने युवक, शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पर पुलिस ने उठाया कदम।
देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना रायपुर क्षेत्र के नेहरूग्राम के पास सड़क पर एकत्र होकर हंगामा करने और आपस में लड़ाई-झगड़ा करने के मामले में पुलिस ने चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, समझाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति शांत नहीं हुए और मारपीट पर उतारू हो गए थे।
पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 की रात थाना रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि नेहरूग्राम के पास कुछ युवक सड़क पर एकत्र होकर हुड़दंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां कुछ व्यक्ति शोर-शराबा करते हुए आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे।
पुलिस ने मौके पर मौजूद व्यक्तियों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चार व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों का विवरण,
1. गौरव जोशी (26 वर्ष), निवासी सुंदरवाला, रायपुर, देहरादून।
2. नकूल (36 वर्ष), निवासी डोभाल चौक, टावर वाली गली, नेहरूग्राम, रायपुर, देहरादून।
3. अतुल (34 वर्ष), निवासी डोभाल चौक, टावर वाली गली, नेहरूग्राम, रायपुर, देहरादून।
4. शिवम (40 वर्ष), निवासी डोभाल चौक, टावर वाली गली, नेहरूग्राम, रायपुर, देहरादून।
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की नजर,
इस कार्रवाई के जरिए रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में पुलिस तत्काल हस्तक्षेप करेगी। पुलिस के अनुसार, नेहरूग्राम में सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया और शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
नंदा न्यूज़ की अपील: सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखें और किसी भी विवाद को मारपीट या हंगामे में न बदलने दें।
ऐसी ताज़ी खबरों के लिए नंदा न्यूज़ के हमारे पेज को फॉलो जरूर करें, नंदान्यूज.इन।
