देहरादून। समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा स्कूली बच्चों के समग्र शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा (देहरादून) द्वारा दिनांक 16 मई 2026 (शनिवार) को बी.डी.एम. स्कूल, हर्बर्टपुर, विकासनगर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की प्रारंभिक अवस्था में ही जांच कर संभावित रोगों की पहचान करना तथा समय रहते उचित परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था।
शिविर में विद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों सहित स्थानीय क्षेत्र के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित चिकित्सा टीम द्वारा बच्चों एवं अन्य लाभार्थियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस चिकित्सा शिविर में डॉ. वी.डी. सेमवाल (जनरल फिजिशियन), डॉ. शिवानी सिंह (महिला चिकित्सक), डॉ. इशान चौधरी (ईएनटी विशेषज्ञ), डॉ. भावना (दंत चिकित्सक) सहित अन्य विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त ऑप्टोमेट्रिस्ट सुश्री मंशा, नर्सिंग स्टाफ श्री पुनीत, फार्मासिस्ट सुश्री कविता एवं श्री आशीष, डाइटिशियन श्रीमति श्रुति भट्ट एवं सहायक कर्मचारी श्री शिवा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
शिविर के दौरान बच्चों की सामान्य शारीरिक जांच, नेत्र परीक्षण, कान-नाक-गला परीक्षण, दंत परीक्षण एवं पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। जिन विद्यार्थियों में किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या पाई गई, उन्हें आगे की जांच एवं उपचार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेष रूप से बच्चों एवं अभिभावकों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, हाथों की नियमित सफाई तथा डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। टीम द्वारा यह भी बताया गया कि बच्चों में प्रारंभिक अवस्था में दृष्टि दोष, एनीमिया, दंत समस्याएं एवं श्वसन संबंधी रोगों की समय पर पहचान अत्यंत आवश्यक है।
इस शिविर में लगभग 150 से अधिक विद्यार्थियों एवं स्थानीय वयस्कों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कई लाभार्थियों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। अभिभावकों को बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शिविर समन्वयक श्री सन्नी धीमान एवं धर्मपाल वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके कुशल मार्गदर्शन एवं समन्वय से यह आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों का भी इस आयोजन में सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर अस्पताल के हेड–मार्केटिंग एवं पब्लिसिटी डिवीजन डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर ने कहा कि सुभारती अस्पताल निरंतर सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध है और समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता रहता है। साथ ही उन्होंने विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अस्पताल प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं समस्त सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों को जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के प्रयास समाज को अधिक जागरूक एवं स्वस्थ बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

