### एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ तड़के से बड़ा अभियान, 176 संदिग्धों का सत्यापन; 8.688 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार,
एसएसपी दून की सख्ती से नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा तेज, जनपदभर में औचक दबिश और सघन चेकिंग,
नंदा न्यूज़
देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ एसएसपी देहरादून की सख्ती के बीच मंगलवार सुबह जनपदभर में दून पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की कार्रवाई की। एसएसपी के निर्देश पर सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तड़के से ही पूर्व में नशा तस्करी में जेल जा चुके और पुलिस के रडार पर रहे अभियुक्तों के ठिकानों पर औचक दबिश दी। वहीं, जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया।
176 पूर्व आरोपियों से पूछताछ, गतिविधियों और बैंक खातों की जांच,
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने 176 ऐसे अभियुक्तों से पूछताछ की, जो पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुके थे अथवा तस्करी के मामलों में प्रकाश में आए थे। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के वर्तमान कार्यों, गतिविधियों और अन्य जानकारी का सत्यापन किया। साथ ही उनके मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य गतिविधियों की पड़ताल कर यह जानने का प्रयास किया गया कि कहीं वे दोबारा नशा तस्करी के कारोबार में तो सक्रिय नहीं हैं।
एसएसपी दून की ओर से पुलिस टीमों को नशा तस्करी में दोबारा संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान संबंधित अभियुक्तों को भी स्पष्ट चेतावनी दी गई कि नशे के कारोबार में दोबारा संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“रायवाला में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो आरोपी गिरफ्तार”
अभियान के दौरान रायवाला क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप के समीप पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरिद्वार की ओर से आ रही स्कूटी को रोककर तलाशी ली। तलाशी में स्कूटी सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 8 किलो 688 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रवीण पुत्र प्यारे लाल, उम्र 40 वर्ष, और अजय कुमार पुत्र जोगेन्द्र प्रसाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-14, बनखंडी, ऋषिकेश, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 किलो 688 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त यामाहा स्कूटी UK14P-0392 (काले रंग) बरामद की है। दोनों के विरुद्ध कोतवाली रायवाला में मुकदमा संख्या 202/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
“ड्रग्स फ्री देवभूमि के संकल्प को लेकर एसएसपी दून का अभियान,

मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के उद्देश्य से एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस द्वारा नशा तस्करों और पूर्व में तस्करी में संलिप्त रहे व्यक्तियों पर निगरानी और कार्रवाई तेज की जा रही है। जनपदभर में चलाए गए इस अभियान के जरिए दून पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को कड़ा संदेश देने का प्रयास किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
