ब्रेकिंग न्यूज़

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रुद्रप्रयाग से तीन निरीक्षकों का स्थानान्तरण, पुलिस कार्यालय में दी गई विदाई,

## विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रुद्रप्रयाग से तीन निरीक्षकों का स्थानान्तरण, पुलिस कार्यालय में दी गई विदाई

**एसपी नीहारिका तोमर ने तीनों निरीक्षकों के कार्यकाल की सराहना कर स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, मनोज नेगी उत्तरकाशी तो मुकेश चौहान और राकेश कुमार जाएंगे देहरादून**

नंदा न्यूज़

**रुद्रप्रयाग।** आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत जनपद रुद्रप्रयाग से अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए तीन पुलिस निरीक्षकों के सम्मान में पुलिस कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में निरीक्षक मनोज नेगी, निरीक्षक मुकेश चौहान और निरीक्षक राकेश कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

विदाई समारोह के दौरान तीनों निरीक्षकों ने रुद्रप्रयाग जनपद में अपने सेवाकाल के अनुभव, कार्यकाल की स्मृतियां और सहकर्मियों के साथ बिताए समय को साझा किया। उन्होंने जनपद में सेवाएं देने के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों एवं साथी पुलिसकर्मियों से मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग में स्थानान्तरण सेवा का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा, व्यवहार और समर्पण से अपनी पहचान बनाता है। उन्होंने स्थानांतरित हो रहे तीनों निरीक्षकों के जनपद में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी नई तैनाती पर भी उसी निष्ठा, कार्यकुशलता और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। एसपी ने तीनों निरीक्षकों को उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

जनपद में निरीक्षक मनोज नेगी वर्ष 2022 से नियुक्त थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एसओजी प्रभारी, कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रभारी और कोतवाली ऊखीमठ प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। उनका स्थानान्तरण जनपद उत्तरकाशी किया गया है।

वहीं निरीक्षक मुकेश चौहान वर्ष 2024 से जनपद रुद्रप्रयाग में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने कोतवाली ऊखीमठ और कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रभारी के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। निरीक्षक राकेश कुमार ने भी वर्ष 2024 से जनपद में सेवाएं देते हुए डीसीआरबी प्रभारी और कोतवाली गुप्तकाशी प्रभारी के रूप में कार्य किया। निरीक्षक मुकेश चौहान और निरीक्षक राकेश कुमार का स्थानान्तरण जनपद देहरादून किया गया है।

समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने तीनों निरीक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर, क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी अवनी तिवारी, निरीक्षक एलआईयू संतोष भट्ट, निरीक्षक संचार प्रमोद पेटवाल, वाचक रणजीत खनेड़ा, प्रधान लिपिक राजेश कुमार, आंकिक प्रदीप कुकरेती, प्रभारी आशुलिपिक नरेंद्र सिंह सहित जनपद के विभिन्न थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं पुलिस परिवार के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग की ओर से तीनों निरीक्षकों के योगदान को सराहते हुए उनके नए कार्यक्षेत्र में बेहतर सेवाओं और सफल कार्यकाल की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *