### जखोली के अर्जुन बैंड के पास दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी इको गाड़ी, 3 की मौत और 4 घायल
## शादी समारोह में जा रहे वाहन सवार हादसे का शिकार, रेस्क्यू टीमों ने खाई से निकालकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल,
## शादी समारोह में जा रही इको गाड़ी अर्जुन बैंड के पास खाई में गिरी, 3 की मौत, 5 घायल
नंदा न्यूज़
**रुद्रप्रयाग।** जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा जखोली चौकी क्षेत्र के अर्जुन बैंड के समीप हुआ, जहां शादी समारोह में शामिल होने कुरछोला से जखोली की ओर जा रहा इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन चालक सहित तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल बताए गए हैं। घायलों में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार, 22 नवंबर 2026 को अपराह्न करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को अर्जुन बैंड के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। दुर्घटनाग्रस्त वाहन इको संख्या UK13TA-4410 बताया गया है, जो शादी समारोह के दौरान कुरछोला से जखोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान में जुटे।
रेस्क्यू टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू, पुत्र स्व. फते सिंह, निवासी कुरछोला, तहसील जखोली, उम्र 41 वर्ष, जो वाहन चालक थे, बसंती देवी पत्नी कार्तिक, निवासी तैला, उम्र 52 वर्ष और सुनीता देवी पत्नी भरत सिंह, निवासी तैला, उम्र 35 वर्ष की मौत हो गई।
हादसे में सतपाल सिंह पुत्र सुंदर सिंह, निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाया जा रहा था। वहीं शिवानी पुत्री शूरवीर सिंह, निवासी कुरछोला, उम्र 15 वर्ष, दिव्यांशी पुत्री राकेश सिंह रावत, निवासी कुरछोला, उम्र 13 वर्ष, अंजलि, निवासी जखोली बड़मा, उम्र 26 वर्ष तथा सुमीता पत्नी सतपाल, निवासी कुनियाली घायल हुई हैं। इनमें दो किशोरियों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में चल रहा था।

इस दर्दनाक दुर्घटना से जखोली क्षेत्र में शोक की लहर है। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों का सफर हादसे में तब्दील हो गया। पुलिस एवं संबंधित रेस्क्यू टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
