### कंगना रनौत के पुराने मंदिर दर्शन के वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ किया वायरल, देहरादून में मुकदमा दर्ज,
सोशल मीडिया पर करवाचौथ को लेकर फैलाए जा रहे कथित झूठे दावों पर पुलिस की कार्रवाई, अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की तलाश तेज।
ब्रेकिंग न्यूज | नंदा न्यूज: देहरादून
देहरादून। भाजपा की महिला सांसद सुश्री कंगना रनौत के पुराने मंदिर दर्शन के वीडियो को कथित रूप से झूठे और भ्रामक तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में देहरादून पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। थाना राजपुर में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 16 नवंबर 2026 को थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया कि सांसद कंगना रनौत द्वारा राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना किए जाने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। आरोप है कि इस वीडियो को भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ जोड़कर इस प्रकार प्रचारित किया जा रहा है, मानो सांसद ने 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा हो।
शिकायत में कहा गया है कि अलग-अलग सोशल मीडिया आईडी से वीडियो को गलत संदर्भ में प्रसारित कर सांसद की गरिमा, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही धार्मिक परंपराओं को लेकर भी गलत संदेश फैलाने और लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना राजपुर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 275/26 के तहत आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस की ओर से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
1\. कंगना रनौत के पुराने मंदिर दर्शन वीडियो को भ्रामक दावों के साथ वायरल करने पर मुकदमा दर्ज।
2\. करवाचौथ को लेकर सोशल मीडिया पर कथित झूठे दावे फैलाने वालों पर देहरादून पुलिस का शिकंजा।
3\. भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर थाना राजपुर में FIR दर्ज।
4\. अलग-अलग सोशल मीडिया आईडी पुलिस के रडार पर, अकाउंट संचालकों की पहचान में जुटी पुलिस।
5\. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जांच तेज, दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की तैयारी।
आरोपों को शिकायत और पुलिस के अनुसार ही प्रस्तुत किया गया है। अभी आरोपियों की पहचान और दोष सिद्ध होना बाकी है।
नंदा न्यूज़
