### रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में समाई बोलेरो, चार लोगों की दर्दनाक मौत, छह घायल
बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर देर रात हुआ हादसा, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन; पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने खाई से निकाले सभी लोग,
नंन्दा न्यूज़ : रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रातभर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 की देर रात लगभग 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि भट्टवारी-कण्डारा क्षेत्र, अगस्त्यमुनि में एक बोलेरो वाहन (UK 13 TA 1013) गहरी खाई में गिर गया है। वाहन में करीब 9 से 10 लोगों के सवार होने की सूचना मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रातभर चले अभियान में खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले चार लोग:

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कुंवर सिंह (60 वर्ष), निवासी रांसी; मदन सिंह (40 वर्ष), निवासी रांसी; सूरत सिंह (42 वर्ष), निवासी देड़ा और बलवीर सिंह (70 वर्ष), निवासी दादा गैड़ बस्ती, रांसी के रूप में हुई है।
छह लोग घायल, चार श्रीनगर रेफर:

दुर्घटना में घायल उम्मेद सिंह राणा (52 वर्ष) और राजेंद्र सिंह (56 वर्ष), दोनों निवासी रांसी को चोटें आई हैं। वहीं लविश राणा (25 वर्ष), वंशिका (8 वर्ष), उर्मिला देवी (33 वर्ष) और पूजा (34 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही वाहन में सवार लोगों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की कामना की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
नंदा न्यूज़ की अपील: पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और सुरक्षित गति बनाए रखें।
