ब्रेकिंग न्यूज़

नशे में वाहन चलाने वालों पर रुद्रप्रयाग पुलिस की पैनी नजर, सड़कों से लेकर होटल-ढाबों तक सघन चेकिंग,

नशे में वाहन चलाने वालों पर रुद्रप्रयाग पुलिस की पैनी नजर, सड़कों से लेकर होटल-ढाबों तक सघन चेकिंग

ड्रिंक एंड ड्राइव और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख, नियम तोड़ने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई

रुद्रप्रयाग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है।

प्रमुख मार्गों से होटल-ढाबों तक निगरानी

रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा विशेष रूप से सायंकालीन और रात्रिकालीन चेकिंग पर जोर दिया जा रहा है। इस दौरान वाहन चालकों की जांच करने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि शराब पीने-पिलाने, अनावश्यक हुड़दंग और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

नशे में ड्राइविंग दूसरों की जान के लिए भी खतरा

पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है। नशे की हालत में चालक की निर्णय लेने की क्षमता, एकाग्रता और प्रतिक्रिया देने की गति प्रभावित होती है। ऐसे में छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसका खतरा केवल वाहन चालक तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वाहन में सवार लोगों, पैदल यात्रियों और सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।

रुद्रप्रयाग पुलिस की दोटूक अपील

रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ अनुपालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाकर दूसरों की सुरक्षा खतरे में डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नंदा न्यूज़ | जनहित में जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *