पंजाब से 24 नवंबर को देहरादून पहुंचेगी संत गुरु रविदास जी की भव्य रथ यात्रा, स्वागत की तैयारियों में जुटी भाजपा,
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने संभाली तैयारियों की कमान, आठ स्थानों पर होगा भव्य स्वागत; प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कार्यकर्ताओं को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नंदा न्यूज़ | देहरादून
देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में पंजाब से प्रारंभ हुई भव्य रथ यात्रा आगामी 24 नवंबर को राजधानी देहरादून पहुंचेगी। रथ यात्रा के भव्य स्वागत और आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा महानगर देहरादून ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भाजपा महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रथ यात्रा के स्वागत, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को जानकारी देते हुए बताया कि संत गुरु रविदास जी के जीवन दर्शन, उनकी शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब से इस भव्य रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया है। 24 नवंबर को देहरादून पहुंचने पर यात्रा का महानगर के विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
*** आठ स्वागत स्थलों पर तैयारियों की जिम्मेदारी तय ***
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने रथ यात्रा के स्वागत के लिए निर्धारित आठ स्वागत स्थलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक स्थल पर व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं की तैनाती, आपसी समन्वय, स्वागत व्यवस्था और आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियों को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन दर्शन संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपनी वाणी और विचारों से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। गुरु रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान एवं अधिकार प्राप्त हों। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता और समरसता की मजबूत आधारशिला हैं।
दीप्ति रावत बोलीं- नई पीढ़ी तक पहुंचेंगे गुरु रविदास जी के विचार

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस के अवसर पर निकाली जा रही यह रथ यात्रा केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संत रविदास जी के महान विचारों, सामाजिक सुधार और मानवता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा महानगर देहरादून का प्रत्येक कार्यकर्ता इस यात्रा के स्वागत को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरे समर्पण, अनुशासन और संगठनात्मक समन्वय के साथ कार्य करेगा। महानगर देहरादून ने हमेशा बड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार भी कार्यकर्ता रथ यात्रा के स्वागत को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करेंगे।
* बलवीर सिंह धुनिया ने गुरु रविदास जी के जीवन दर्शन पर डाला प्रकाश *
बैठक में प्रदेश अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष बलवीर सिंह धुनिया ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जीवन चरित्र और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने अपने संपूर्ण जीवन में ऊंच-नीच, सामाजिक भेदभाव और असमानता के विरुद्ध मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब से प्रारंभ होकर देहरादून पहुंचने वाली यह रथ यात्रा गुरु रविदास जी के जीवन संघर्ष, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सुधार के योगदान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है।
** सीताराम भट्ट ने भी कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां **
बैठक में भाजपा महानगर के पूर्व अध्यक्ष एवं यात्रा सह प्रभारी सीताराम भट्ट ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने आठों स्वागत स्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सभी कार्यकर्ताओं से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महानगर प्रभारी राकेश गिरी, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, विनोद उनियाल, कुलदीप बुटोला, श्याम अग्रवाल, शमशेर सिंह, अभिषेक शाही, महामंत्री संदीप मुखर्जी, संयोजक ओम कक्कड़, सहसंयोजक जगदीश सेमवाल, प्रदीप कुमार, सुरेंद्र जेल, सुनील शर्मा, मोहित शर्मा, बबलू बंसल, सुरेंद्र राणा, संदीप बिजलवान, विपिन खंडूरी, सुमन सिंह, बलदेव नेगी, सुनीता रावत, अजय शर्मा, राहुल लारा, संजीव मल्होत्रा, राजेश बडोनी, साक्षी शंकर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
24 नवंबर को देहरादून में होने वाला रथ यात्रा का स्वागत न केवल संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन होगा, बल्कि संत गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर भी बनेगा।
