14 लाख की लूट में एसएसपी दून का बड़ा एक्शन,
दो और आरोपी गिरफ्तार; अब तक पांच बदमाश सलाखों के पीछे,
चंबा (टिहरी) से पटेलनगर तक दून पुलिस की दबिश,
गिरफ्तार आरोपियों से लूट के 70 हजार रुपये बरामद;
कुल 2.20 लाख रुपये की रिकवरी
नंदा न्यूज़ | देहरादून
देहरादून। राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास हुई इस सनसनीखेज लूट की वारदात में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र से दबोचा, जबकि दूसरे को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से लूट की रकम में से कुल 70 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच पहुंच गई है। पुलिस पूर्व में गिरफ्तार तीन आरोपियों के कब्जे से 1.50 लाख रुपये बरामद कर उन्हें जेल भेज चुकी है। इस प्रकार अब तक पांचों गिरफ्तार आरोपियों से कुल 2 लाख 20 हजार रुपये की बरामदगी हो चुकी है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
“प्लॉट के सौदे के लिए ले जा रहे थे 14 लाख रुपये, रास्ते में घेरकर की लूट”
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी पुत्र धज्जा राम निवासी हरिपुर कलां, मोतीचूर, देहरादून ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने घर से प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर देहरादून में दिनेश तिवारी के पास जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी वाहन में मौजूद थे।
आरोप है कि इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनके वाहन को घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए पैसों से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 859/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 310(2) एवं 3(5) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
###एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई,
घटना के खुलासे और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश तेज की। लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस ने 9 नवंबर को इस लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से लूट के 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए थे।
***चंबा और पटेलनगर से दो और आरोपी दबोचे***

पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। फरार आरोपियों की तलाश में जुटी टीम ने 10 नवंबर को दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कर्ण यादव पुत्र केशरी यादव निवासी ग्राम गुरुगोटा, पोस्ट ऑफिस नानपारा, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी देहराखास, देहरादून, उम्र 24 वर्ष को टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूट के 32 हजार रुपये बरामद हुए।
वहीं, दूसरे आरोपी सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू पुत्र फिरोज अख्तर, निवासी 411 नई बस्ती, गांधीग्राम, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र 23 वर्ष को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूट के 38 हजार रुपये बरामद किए गए।
***पांच गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी***
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में की जा रही इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस लूट की इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयासरत है। अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी और 2.20 लाख रुपये की बरामदगी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य प्रकाश में आए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
राजधानी में लूट की इस बड़ी वारदात के बाद दून पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों पर दबाव बढ़ा है। अब पुलिस की अगली चुनौती फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की शेष रकम बरामद करना है।
