दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था, सहारनपुर रोड, घंटाघर, बुद्धा चौक और सुभाष रोड पर आवाजाही प्रभावित होने की संभावना
नंदा न्यूज | देहरादून | 20 नवंबर 2026
देहरादून में 21 नवंबर को आयोजित होने वाली प्रकाश पर्व शोभायात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शोभायात्रा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। यातायात पुलिस के मुताबिक, यह व्यवस्था शनिवार, 21 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक लागू रहेगी। शोभायात्रा के मार्ग पर यातायात को आवश्यकतानुसार रोक-रोककर संचालित किया जाएगा, जबकि विभिन्न चौराहों और तिराहों पर डायवर्जन व्यवस्था भी लागू रहेगी।
प्रकाश पर्व के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा गुरुद्वारा पटेलनगर से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास, सुभाष रोड पहुंचेगी, जहां शोभायात्रा का समापन होगा।
*** शोभायात्रा मार्ग पर यातायात रहेगा नियंत्रित ***
यातायात पुलिस की ओर से जारी प्लान के अनुसार शोभायात्रा सड़क के बाईं ओर संचालित होगी तथा दाईं ओर से यातायात चलाने का प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात को आंशिक रूप से डायवर्ट कर जीएमएस रोड के रास्ते घंटाघर की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के दर्शनी गेट में पूरी तरह प्रवेश करने के बाद संबंधित स्थानों पर यातायात सामान्य किया जाएगा।
शोभायात्रा जब घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ेगी, उस दौरान चकराता रोड से आने वाले यातायात को ओरिएंट चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, ओरिएंट चौक से घंटाघर की ओर जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा।
***दर्शनलाल चौक और बुद्धा चौक पर भी रहेगा डायवर्जन***
शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक पहुंचने पर तहसील चौक से आने वाले यातायात को घंटाघर की ओर भेजा जाएगा, जबकि लैंसडाउन चौक से दर्शनलाल चौक की ओर आने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा के बुद्धा चौक पहुंचने पर दून चौक से आने वाले यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं, क्रॉस रोड से बुद्धा चौक की ओर आने वाले वाहनों को मनोज क्लिनिक से सीजेएम तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक पार करने के बाद लैंसडाउन चौक से यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा।
इसके अलावा शोभायात्रा के बुद्धा चौक पार करने के बाद बुद्धा चौक से एमकेपी चौक जाने वाले वाहनों को क्रॉस रोड से तथा एमकेपी चौक से बुद्धा चौक की ओर आने वाले वाहनों को दून चौक से भेजा जाएगा।
*** सुभाष रोड पर यातायात रोक-रोककर चलेगा ***
शोभायात्रा के सुभाष रोड पर पहुंचने के दौरान यातायात को रोक-रोककर संचालित किया जाएगा। सीएमआई और रेसकोर्स चौक से किसी भी यातायात को एमकेपी चौक की ओर नहीं भेजा जाएगा। शोभायात्रा के गुरुद्वारे में प्रवेश करने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
*** इन स्थानों पर बनाए गए डायवर्जन और बैरियर प्वाइंट ***
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने निम्न स्थानों पर डायवर्जन एवं बैरियर प्वाइंट निर्धारित किए हैं—
– पटेलनगर मंडी
– बल्लीवाला चौक
– लालपुल तिराहा
– घंटाघर
– बुद्धा चौक
– लैंसडाउन चौक
– सीएमआई तिराहा
– एमकेपी चौक
*** यातायात पुलिस की वाहन चालकों से अपील ***
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर जाने से यथासंभव बचें और पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें। आवश्यक होने पर ही निजी वाहनों का इस्तेमाल करें तथा अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन जैसे रिक्शा, टेंपो और सिटी बसों का उपयोग करें।
नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा, जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित बताया गया है। सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े न करने की भी अपील की गई है। यातायात पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखेगी तथा मार्गों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।
वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करने, सहारनपुर रोड, गांधी रोड, घंटाघर, बुद्धा चौक और सुभाष रोड पर अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा यातायात पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस, अग्निशमन सहित आवश्यक सेवाओं के वाहनों को न तो रोका जाएगा और न ही डायवर्ट किया जाएगा।
शहर में प्रकाश पर्व शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है। शनिवार को देहरादून के कई प्रमुख बाजारों और चौराहों से गुजरने वाले वाहन चालकों को यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
