चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा, 400 मीटर गहरी खाई में गिरी इको कार, तीन की मौत, तीन घायल
उत्तराखंड के चमोली जनपद से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। शनिवार सुबह देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग पर लवाड़ी के समीप एक इको कार लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन देहरादून से वाण गांव की ओर जा रहा था। हादसा शनिवार सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और परिवार के एक सदस्य का पार्थिव शरीर देहरादून से गांव लेकर जा रहे थे। लेकिन गांव पहुंचने से कुछ किलोमीटर पहले ही यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।
हादसे में वाहन चालक बलवीर सिंह बिष्ट समेत परिवार के दो अन्य सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से देहरादून रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षेत्र में शोक की लहर है।
नंदा न्यूज़ के लिए चमोली से विशेष रिपोर्ट।

