उत्तराखंड भाजपा में बड़े बदलाव की आहट : अजेय कुमार की विदाई के बाद दिल्ली में मंथन, संगठन में जल्द हो सकते हैं अहम फेरबदल
उत्तराखंड भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के समापन के तुरंत बाद पार्टी ने प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को तत्काल प्रभाव से राजस्थान का संगठन महामंत्री नियुक्त कर दिया। इस फैसले के बाद अब दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शीर्ष नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक चल रही है, जिसे उत्तराखंड भाजपा के भविष्य के संगठनात्मक ढांचे से जोड़कर देखा जा रहा है। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और राजस्थान भेजे गए अजेय कुमार शामिल हैं। माना जा रहा है कि बैठक में उत्तराखंड संगठन के नए स्वरूप, आगामी राजनीतिक रणनीति और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हो रही है।
पार्टी नेतृत्व संगठन को और अधिक सक्रिय तथा चुनावी दृष्टि से मजबूत बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकता है। अजेय कुमार सितंबर 2019 से उत्तराखंड भाजपा में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके कार्यकाल में पार्टी ने 2022 का विधानसभा चुनाव जीता और संगठनात्मक स्तर पर कई अभियान संचालित किए। ऐसे में उनका अचानक तबादला राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दौरान अजेय कुमार सभी महत्वपूर्ण बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं का हिस्सा रहे, लेकिन दौरा समाप्त होने के दूसरे ही दिन उनके तबादले का आदेश जारी कर दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान सरकार और संगठन के कामकाज को लेकर मिली फीडबैक के आधार पर केंद्रीय नेतृत्व ने यह कदम उठाया है। हालांकि पार्टी की ओर से इसे सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया बताया जा रहा है, लेकिन घटनाक्रम की टाइमिंग कई सवाल खड़े कर रही है।
फिलहाल उत्तराखंड में संगठन महामंत्री का पद खाली है और अभी तक किसी नए नाम की घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही नए संगठन महामंत्री के नाम पर फैसला ले सकता है। इसके साथ ही प्रदेश प्रभारी के स्तर पर भी बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
भाजपा के भीतर चल रहे इस मंथन को आगामी चुनावों से पहले संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। दिल्ली में चल रही बैठक के बाद उत्तराखंड भाजपा में नए चेहरों और नई जिम्मेदारियों को लेकर बड़ा ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों की नजरें अब केंद्रीय नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।

