ब्रेकिंग न्यूज़

विकासनगर में पुलिस की कार्रवाई: चोरी की फिराक में घूम रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, तीन अवैध खुखरियां बरामद,

## विकासनगर में पुलिस की कार्रवाई: चोरी की फिराक में घूम रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, तीन अवैध खुखरियां बरामद,

**हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों पर शिकंजा, गिरफ्तार इन्तजार उर्फ जादू के खिलाफ दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे**

नंदा न्यूज़ :देहरादून

**देहरादून।** अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए दून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी की फिराक में अलग-अलग स्थानों पर घूम रहे थे। तलाशी के दौरान तीनों के कब्जे से एक-एक अवैध खुखरी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में एक कोतवाली विकासनगर का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक अभियोग दर्ज बताए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा गश्त और चेकिंग अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में 21 और 22 नवंबर की मध्यरात्रि को कोतवाली विकासनगर की अलग-अलग पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके कब्जे से बरामद तीन अवैध खुखरियों के संबंध में कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 358/2026 और मु0अ0सं0 359/2026 के तहत धारा 25/4 शस्त्र अधिनियम में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख पुत्र यासीन, निवासी जीवनगढ़, विकासनगर, उम्र 30 वर्ष; इसरार उर्फ रामा पुत्र जहुर, निवासी जीवनगढ़, विकासनगर, उम्र 26 वर्ष; तथा इन्तजार उर्फ जादू पुत्र सलीम, निवासी बस अड्डे के निकट डाकपत्थर, विकासनगर, उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार इन्तजार उर्फ जादू कोतवाली विकासनगर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से लेकर 2026 तक चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 12 से अधिक आपराधिक अभियोग दर्ज हैं। वहीं, शाहरुख और इसरार उर्फ रामा के खिलाफ भी पूर्व में चोरी और अन्य अपराधों से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं।

इस कार्रवाई को क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी डाकपत्थर, कांस्टेबल पदम सिंह, कांस्टेबल जसमेर सिंह और कांस्टेबल दिनेश बाबू शामिल रहे।

******************************************

दून पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त एवं चेकिंग को प्रभावी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *