दून ब्रेकिंग न्यूज़
बड़ी खबर: पंडितवाड़ी से लापता 14 वर्षीय बालिका 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद, कैंट पुलिस ने परिजनों को सौंपा
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल गठित हुई पुलिस टीम, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता से मिली सफलता,
देहरादून। कोतवाली कैंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंडितवाड़ी क्षेत्र से लापता हुई 14 वर्षीय बालिका को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली और दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एमटी कॉलोनी, आईएमए पंडितवाड़ी निवासी एक महिला ने 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी पंडितवाड़ी पहुंचकर अपनी 14 वर्षीय पुत्री के लापता होने की सूचना दी। महिला ने बताया कि उनकी बेटी 8 अक्टूबर को सुबह करीब 8 बजे घर से आईएमए स्थित केवी स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, मगर बालिका का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
“एसएसपी के निर्देश पर तत्काल सक्रिय हुई कैंट पुलिस”
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कैंट ने चौकी प्रभारी पंडितवाड़ी के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित की। बालिका की तलाश में पुलिस ने मिलिट्री पुलिस, आईएमए के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की।
पुलिस टीम ने बालिका के घर से स्कूल जाने वाले मार्गों और केवी स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के अवलोकन में बालिका स्कूल से एफआरआई की ओर जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी।
“जैंतनवाला-वीरपुर के पास मिली बालिका”
लगातार तलाश और सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने बालिका को जैंतनवाला-वीरपुर के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, बालिका बिना बताए अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए मसूरी चली गई थी। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बालिका की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने कैंट पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।
“पुलिस टीम”
1. उपनिरीक्षक कमलेश प्रसाद गौड़, चौकी प्रभारी पंडितवाड़ी
2. हेड कांस्टेबल सचिन कुमार
3. कांस्टेबल देवेंद्र कुमार
नंदा न्यूज़ का संदेश: बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावक उनसे नियमित संवाद बनाए रखें। यदि कोई बच्चा लापता हो जाए, तो बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें।
नंदा न्यूज़ | देहरादून
ताज़ा खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज़ — नंदान्यूज.इन
