ब्रेकिंग न्यूज़

नवरात्रि में देहरादून आने-जाने वालों के लिए ट्रैफिक अलर्ट! 11 से 19 अक्टूबर तक लागू रहेगा विशेष रूट प्लान, पलटन बाजार बनेगा जीरो जोन,

त्योहारी खरीदारी के लिए दून पुलिस की विशेष तैयारी, 6 टोइंग क्रेन और 29 ANPR समेत 143 कैमरों से रखी जाएगी यातायात पर नजर,

देहरादून। नवरात्रि और त्योहारी सीजन के दौरान राजधानी देहरादून के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दून पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। यातायात पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक विशेष ट्रैफिक रूट प्लान लागू रहेगा। इस दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, संपर्क मार्गों और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

दून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें और बाजारों में जाने के लिए यथासंभव सार्वजनिक परिवहन तथा दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें।

पलटन बाजार, धामावाला और मच्छी बाजार में रहेगा जीरो जोन

यातायात का दबाव बढ़ने पर पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों को सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन बनाया जाएगा। यहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी।

लोडिंग वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। लोडिंग और अनलोडिंग का काम सुबह 10 बजे से पहले पूरा करना होगा। सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहन पलटन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहनों का बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

अलग-अलग क्षेत्रों से आने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था

दून पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

 

सहस्रधारा, रायपुर रोड, राजपुर रोड और डालनवाला से आने वाले वाहन:

– काबुल हाउस, सर्वे चौक के पास

– मंगला देवी इंटर कॉलेज परिसर

– मल्टीस्टोरी पार्किंग, कनक चौक

– एमडीडीए कॉम्प्लेक्स, घंटाघर

 

चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट से आने वाले वाहन:

– जनपथ कॉम्प्लेक्स, बिंदाल

– रेंजर्स ग्राउंड, बुद्धा चौक के पास

 

ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला और नेहरू कॉलोनी से आने वाले वाहन:

– रेंजर्स ग्राउंड

– तहसील चौक के सामने खाली मैदान

– राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स, तहसील चौक

 

सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग से आने वाले वाहन:

– पुराना बस अड्डा, द्रोण होटल के पास

– पुलिस कार्यालय, दून अस्पताल के पास

– नगर निगम कार्यालय परिसर

 

पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

 

दूसरे बाजारों के लिए भी तय हुई पार्किंग

 

– धर्मपुर बाजार: रेसकोर्स क्षेत्र की पार्किंग, क्षमता 100 वाहन।

– नेहरू कॉलोनी: जीएसटी कार्यालय के दाएं और बाएं लिंक रोड पर पार्किंग, क्षमता 30 वाहन।

– प्रेमनगर बाजार: दशहरा ग्राउंड, क्षमता 250 वाहन।

– रायपुर शिव मंदिर बाजार: मालदेवता रोड की पार्किंग, क्षमता 100 वाहन।

 

विक्रम, ऑटो और सिटी बसों के रूट में बदलाव

 

यातायात पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन के संचालन के लिए भी बदलाव निर्धारित किए हैं।

 

राजपुर रोड से ओरिएंट चौक आने वाले नंबर-1 विक्रम वाहनों को ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर की ओर भेजा जाएगा।

 

रायपुर रोड से आने वाले नंबर-2 विक्रम वाहनों का ड्रॉप और पिकअप पॉइंट सर्वे चौक रहेगा। रिस्पना की ओर से आने वाले नंबर-3 विक्रम वाहनों को रिची-रिच तिराहे से आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस भेजा जाएगा। नंबर-5 और नंबर-8 विक्रम तहसील चौक तक आ सकेंगे और वहीं से वापस लौटेंगे।

 

राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया ड्रॉप-पिकअप पॉइंट ओरिएंट चौक तथा डोईवाला और सहस्रधारा जाने वाली सिटी बसों का नया पॉइंट रेंजर्स ग्राउंड रहेगा।

 

यातायात का दबाव बढ़ने पर यहां से होगा डायवर्जन

 

सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने की स्थिति में रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

 

घंटाघर पर दबाव बढ़ने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर भेजा जाएगा। दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

 

धर्मपुर चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स की ओर तथा नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर भेजा जाएगा।

 

143 कैमरों से निगरानी, 6 टोइंग क्रेन रहेंगी तैनात

 

त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस उपाधीक्षक, पांच यातायात निरीक्षक, 15 यातायात उपनिरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक, आठ हेड कांस्टेबल, 60 कांस्टेबल, 50 रिक्रूट आरक्षी और सात सीपीयू/हॉक मोबाइल इकाइयों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त थानों से भी पुलिस बल लगाया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, शहर में 29 ANPR, 105 RLVD और 9 SVDS कैमरों के माध्यम से यातायात पर नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ऑनलाइन चालान किए जाएंगे। नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों को हटाने के लिए छह टोइंग क्रेन तैनात रहेंगी। साथ ही वायरलेस सेट से लैस 10 मोबाइल टीमें लगातार भ्रमण करेंगी।

 

पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित पार्किंग के बजाय नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर टोइंग के साथ 1,500 रुपये जुर्माना लगाए जाने की जानकारी भी एडवाइजरी में दी गई है।

 

दून पुलिस की आमजन से अपील

 

दून पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और बाजारों में खरीदारी के लिए सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था में सहयोग करने के इच्छुक नागरिक ट्रैफिक वॉलंटियर के रूप में भी दून पुलिस से जुड़ सकते हैं।

 

संपर्क नंबर: 7579278154 / 8958998827

 

नंदा न्यूज़ की अपील: नवरात्रि के दौरान बाजार जाने से पहले अपना रूट और पार्किंग स्थल तय करें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

 

नंदा न्यूज़ | देहरादून

ताज़ा खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज़ — नंदान्यूज.इन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *